बिना हेलमेट पेट्रोल देने पर संचालक को नोटिस
एसडीएम ने शहर के आधा दर्जन पंप चेक किए, आपूर्ति विभाग ने दिए नोटिस
भास्कर संवाददाता | भिंड
बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल देने के मामले में जिला अस्पताल के सामने स्थित जयकिशन दास पेट्रोल पंप के संचालक को जिला आपूर्ति विभाग ने नोटिस जारी किया है। वहीं एसडीएम बीबी अग्निहोत्री ने मंगलवार की सुबह शहर के आधा दर्जन से अधिक पेट्रोल पंप का मुआयना किया।
जिला आपूर्ति विभाग के अधिकारी एसआर कौशल ने नोटिस में कहा कि बिना हेलमेट के पेट्रोल न देने संबंधी निर्देश जारी होने के बाद भी मंगलवार को आपके यहां से दुपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल प्रदाय किया गया है। इसलिए आपके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया जाता है। पंप संचालक को कहा गया है कि वह ऑफिस में अपना जवाब प्रस्तुत करें।
एसडीएम ने किया मुआयना
एसडीएम बीबी अग्निहोत्री ने मंगलवार की सुबह शहर के आधा दर्जन पंपों का मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने सभी पंप संचालकों से कहा कि दुपहिया वाहनों में बिना हेलमेट पेट्रोल न दी जाए। मालूम हो कि हेलमेट की अनिवार्यता होने के बाद दुपहिया वाहन चालक बोतल में पेट्रोल की मांग करने लगे हैं।
यातायात पुलिस की नहीं दिखी चुस्ती
पेट्रोल पंप संचालकों को बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं देने के निर्देश तो जारी हो गए, लेकिन यातायात पुलिस ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई में चुस्ती नहीं दिखाई। यातायात पुलिस के प्रभारी दीपक साहू कहते हैं कि अपनी रूटीन की कार्रवाई में बिना हेलमेट चालकों पर भी कार्रवाई करते हैं। इसे लेकर हम अपने पाइंट और बढ़ा रहे हैं।
एसडीएम बीबी अिग्नहोत्री जिला अस्पताल के सामने पेट्रोल पंप का निरीक्षण करते हुए।