मां को मृत बताकर अपने नाम कराया जमीन नामांतरण
बहनों के न होने का भी दे दिया शपथ पत्र, आरआई और पटवारी के निलंबन का आदेश
भास्कर संवाददाता | भिंड
साहब, भाई ने मेरी मां को मृत बताकर झूठा शपथपत्र बेशकीमती जमीन अकेले अपने नाम कराने के लिए ग्राम पंचायत को दिया है। उसने शपथपत्र में यह कह दिया कि उसके पिता की कोई लड़की नहीं है। जबकि हम चार बहनें हैं। कलेक्टर इलैया राजा टी ने पूरी बात सुनने के बाद गोहद एसडीएम को फोन लगाया और कहा कि पटवारी, राजस्व निरीक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और निलंबन के निर्देश दिए हैं। फर्जी शपथपत्र बनाने वाले प्रवीण शर्मा के खिलाफ भी एफआईआर के निर्देश दिए हैं। जनसुनवाई में 267 आवेदकों ने अपनी समस्याएं रखीं।
पूजा शर्मा प|ी भानुप्रताप शर्मा निवासी नया बस स्टैंड मौ ने जनसुनवाई में कलेक्टर इलैया राजा टी को इस आशय का आवेदन पेश किया कि उसकी मां माधुरी शर्मा अभी भी जीवित हैं और पिता विद्यासागर शर्मा से हम चार बहनें हैं और वे सभी जीवित हैं, लेकिन भाई प्रवीण शर्मा ने पिता के स्वर्गवासी होने के बाद उनके हिस्से की जमीन नामांतरण कराने के लिए मां के मृत होने का झूठा शपथपत्र तैयार कराया । इसी शपथपत्र के आधार पर उसने पिता के स्वामित्व वाली जमीन अपने नाम नामांतरित करा ली।
लाखों रुपए की है जमीन : प्रवीण द्वारा नामांतरित कराई गई जमीन का सर्वे नंबर 13 रकवा 0.800 हेक्टेयर, सर्वे नंबर 23 रकवा 0.190 हेक्टेयर तथा सर्वे नंबर 183 का रकवा 1.540 हेक्टेयर है। यानि कुल जमीन 2.55 हेक्टेयर है। इस जमीन का बाजारू मूल्य एक करोड़ के आसपास आंका गया है।
तीन हजार की रिश्वत मांगी, होगी एफआईआर
नगर पंचायत लहार के वार्ड क्रमांक 14 निवासी मुमताज पुत्री दिलशाद ने कहा कि उसके बीपीएल कार्ड का आवेदन पटवारी बृजेन्द्र सिंह ने सिर्फ इसीलिए निरस्त कर दिया क्योंकि पटवारी ने आवेदन स्वीकृत कराने के लिए तीन हजार रुपए की मांग की थी। हमने रिश्वत दी नहीं बस यही हमारा दोष है क्याω मुमताज की बात सुनकर कलेक्टर ने तुरंत लहार एसडीएम को फोन घुमाया और कहा कि यह सब क्या हो रहा है। बीपीएल कार्ड के लिए पटवारी रिश्वत मांग रहा है और आपने कोई कार्रवाई क्यों नहीं की। पटवारी के खिलाफ एफआईआर कराई जाए।
एफआईआर के दिए निर्देश
पूजा की बात सुनने के बाद कलेक्टर ने जनसुनवाई से ही गोहद एसडीएम डीके शर्मा को फोन लगाया और कहा कि नया बस स्टैंड मौ के पास की यह जमीन अपने नाम कराने के लिए फर्जी शपथपत्र कैसे बन गया। माधुरी शर्मा जीवित हैं और मृत होने की तस्दीक जिस भी पटवारी, राजस्व निरीक्षक ने की है, उसके खिलाफ एफआईआर कराई जाए। कलेक्टर ने पूजा के भाई पर ही एफआईआर के निर्देश दिए हैं। मालूम हो कि पूजा शर्मा इस मामले को लेकर पिछले तीन साल से एसडीएम गोहद के यहां केस लड़ रहीं हैं। उनका केस क्रमांक 106 है। 28 फरवरी 2013 में भाई द्वारा तैयार कराए गए शपथपत्र को चुनौती दी थी, लेकिन एसडीएम कोर्ट में अभी तक सुनवाई नहीं हो सकी। कलेक्टर ने इस मामले में भी एसडीएम से कहा कि संबंधित प्रकरण की शीघ्र सुनवाई करें और फैसला सुनाएं।
इनकी भी सुनीं समस्याएं
जनसुनवाई में कलेक्टर ने बालाजी नगर निवासी ऊषा भदौरिया और रौन निवासी निधि दीक्षित के आवेदन पर सुनवाई करते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। ऊषा ने अपने बिजली के बिल में अनियमितताएं बताईं और निधि ने कहा कि उसने रौन में कम्प्यूटर ऑपरेटर के रूप में काम किया था, लेकिन मानदेय का भुगतान नहीं हो रहा।
जनसुनवाई