कार्रवाई से बचने भृत्य को आरोपी ने धक्का देकर दौड़ा दी ट्रैक्टर-ट्रॉली
एसडीएम ने ट्रैक्टर को थाने भिजवाने बैठा दिया अपना भृत्य
भास्कर संवाददाता|गोहद/भिंड
खंडों से भरे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को एसडीएम डीके शर्मा ने पकड़ा। इसे थाने भिजवाने के लिए उन्होंने अपना भृत्य ट्रैक्टर पर बैठा दिया। लेकिन ड्राइवर ने भृत्य को धक्का देकर जमीन पर पटक दिया, फिर ट्रैक्टर दौड़ाते हुए भाग निकला। घटनाक्रम बुधवार दोपहर एनएच-92 पर गोहद चौराहा थाना क्षेत्र में हुआ। हालांकि बाद में यह ट्रैक्टर एक दुकान के सामने से पुलिस ने फिर से पकड़ लिया, जिसे खनिज विभाग के सुपुर्द किया गया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर परिवहन विभाग का अमला एनएच-92 पर गोहद चौराहा थाना क्षेत्र बड़े वाहनों पर कार्रवाई कर रहा था। इस अमले में एसडीएम डीके शर्मा भी शामिल थे। इसी दौरान एसडीएम की नजर गोहद चौराहा हाईवे पर स्थित पेट्रोल पंप पर खड़े एक खंडा से भरे ट्रैक्टर पर गई। उन्होंने ड्राइवर से इसके कागजात मांगे, तो वह नहीं दिखा सका। इसके बाद एसडीएम ने अपने भृत्य लाखन को ट्रैक्टर पर बैठा दिया और उसे थाने ले जाने के लिए कहा। बताया जाता है कि इसी दौरान ड्राइवर ने फोन पर किसी से बातचीत की, जिसके बाद उसने गाड़ी स्टार्ट करते हुए भृत्य लाखन को धक्का दिया। वह जमीन पर गिर गया। ड्राइवर ट्रैक्टर को हाईवे पर तेज रफ्तार में दौड़ाते हुए भाग निकला। एसडीएम की टीम ने पीछा किया, तो गोहद चौराहे पर एक दुकान के सामने लावारिस हालत में खड़ा यह ट्रैक्टर मिल गया। ड्राइवर यहां से भाग चुका था। उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जा रही है।
वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते गोहद एसडीएम डीके शर्मा।