- Hindi News
- National
- शराबी ने स्कूल में प्राचार्य को दी गालियां पकड़ने गई पुलिस भी उल्टे पांव लौटी
शराबी ने स्कूल में प्राचार्य को दी गालियां पकड़ने गई पुलिस भी उल्टे पांव लौटी
रछेड़ी गांव के शासकीय हाईस्कूल का मामला
पुलिसकर्मियों से की आरोपी के घर की महिलाओं ने गाली-गलौज
भास्कर संवाददाता|भिंड
शराब के नशे में धुत एक युवक ने देहात थाना क्षेत्र के रछेड़ी गांव के शासकीय हाईस्कूल में घुसकर प्राचार्य व अन्य स्टाफ से गाली-गलौज करते हुए अभद्र व्यवहार किया। इतना ही नहीं युवक को पकड़ने पहुंची पुलिस की डायल-100 टीम से भी आरोपी के घर की महिलाओं ने गाली-गलौज कर दिया, जिससे पुलिस को उल्टे पांव लौटना पड़ा।
शासकीय हाईस्कूल के प्रभारी प्राचार्य संतोष यादव ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे का समय था, तभी गांव का राजेश सिंह यादव पुत्र अतर सिंह आया। वह शराब के नशे में धुत था। उसने सबसे पहले क्लास में पढ़ा रहे शिक्षक राजीव सिंह कुशवाह को बाहर निकाल दिया और गाली-गलाैज करते हुए फर्नीचर तितर-बितर किया। राजेश सिंह कह रहा था कि स्कूल बंद करो, यहां कोई पढ़ाई नहीं होगी। सभी शिक्षकों ने उसे बाहर निकाला, तो वह प्राचार्य से गाली-गलौज करने लगा। साथ ही, जान से मारने की धमकी दी। शिक्षकों ने इस बारे में डायल-100 पर सूचना कर दी, तो पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शिक्षकों ने पुलिस को पूरी घटना के बारे में बताया, जिसके बाद पुलिसकर्मी राजेश यादव के घर उसे पकड़ने गए, तो यहां महिलाओं ने गाली-गलौज कर दिया। इससे पुलिस को खाली हाथ ही लौटना पड़ा।
पुलिसकर्मियों से अभद्र व्यवहार हुआ है इसकी जानकारी नहीं
शिक्षकों ने देहात थाने में आवेदन दिया है। उसकी जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिसकर्मियों से अभद्र व्यवहार किया गया है, यह हमें जानकारी नहीं है। मैं इस बारे में देहात टीआई से पता करती हूं। ऋतु केवरे, प्रभारी सीएसपी भिंड