ट्रक की छत पर खड़ा था ड्राइवर हाईटेंशन की चपेट में आने से मौत
गौरी सरोवर के पीछे भूरा मठी पर हुई घटना
भास्कर संवाददाता | भिंड
गौरी सरोवर के पीछे भूरा मठी के समीप एक ट्रक खड़ा था। ड्रायवर राधामोहन यादव ड्रायवर साइड के टॉप पर बैठा था। उसके मोबाइल की घंटी बजी और वह बात करने लगा उसे ध्यान नहीं रहा कि जहां खड़ा है ठीक उसके ऊपर हाईटेंशन लाइन निकल रही है । हाईटेंशन लाइन ने उसे अपनी ओर खींच लिया और तेज आवाज के साथ करंट लगने से ड्राइवर की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार राधामोहन पुत्र जमुनाप्रसाद (40) निवासी ग्राम लिलवारी लहार रेत के ट्रक पर ड्राइवरी करता है। शनिवार को सुबह नौ बजे उसका खाली ट्रक गौरी सरोवर के नजदीक भूरा मठी पर खड़ा था। खाली ट्रक की छत पर राधामोहन अपने तीन-चार दोस्तों के साथ बैठकर बैठकर ताश खेल रहा था। ताश खेलते समय उसके मोबाइल पर कॉल आई। वह मोबाइल पर बात करने के लिए खड़ा हुआ तो यह नहीं दिखा कि सिर के ठीक ऊपर हाईटेंशन लाइन निकली है। हाईटेंशन लाइन ने राधामोहन को अपनी ओर खींच लिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों डायल 100 को फोन लगाकर बुलाया। तब तक ड्राइवर की मौत हो चुकी थी। देहात थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले माथे से टकराई हाईटेंशन फिर खींच लिया
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि राधामोहन यादव के माथे पर हाईटेंशन लाइन का तार सबसे पहले टकराया था और उसके बाद हाईटेंशन ने उसके हाथ को भी खींच लिया। देखते ही देखते वह जल गया तब उसका शरीर नीचे आ गिरा। हाईटेंशन करंट के प्रभाव से ट्रक का एक पहिया भी बर्स्ट हो गया और तीन अन्य पहिया भी जल गए।
सड़क की ऊंचाई भी बढ़ गई
कई जगह नगर पालिका, लोक निर्माण विभाग द्वारा डामर उस पर सीसी सड़क बनाई गई है, लेकिन बिजली कंपनी को इसकी कोई जानकारी नहीं दी। सड़क की ऊंचाई बढ़ने के साथ ही हाईटेंशन लाइन की ऊंचाई भी बढ़ना चाहिए, लेकिन भिंड में ऐसा कहीं भी नहीं हुआ। मंडल के अधिकारी बताते हैं कि हाईटेंशन की ऊंचाई बढ़ाने के लिए सड़क निर्माण कराने वाली एजेंसी को राशि जमा करना होती है, लेकिन यहां कभी भी ऐसा नहीं हुआ।
भिंड | बिजली कंपनी द्वारा हाईटेंशन लाइन के ठीक नीचे मकान बना लेने और सड़क की ऊंचाई बढ़ाने के लिए नगर पालिका प्रबंधन को नोटिस जारी कर रही है। पूर्व में भी मंडल इस तरह के नोटिस दे चुका है, इस बार कलेक्टर के संज्ञान में लाकर नोटिस देने की तैयारी है।
गौरी सरोवर के पीछे भूरा मठी के समीप एक ट्रक चालक की हाईटेंशन लाइन से टकराने के कारण हुई मौत के मामले में विद्युत मंडल ने नगर पालिका को नोटिस देने का मन बनाया है। मंडल के अधीक्षण यंत्री डीबी वार्ष्णेय का कहना है कि पूर्व में भी मंडल द्वारा नपा को इस आशय के नोटिस दिए जा चुके हैं कि हाईटेंशन लाइन के ठीक नीचे मकान न बनाए जाएं, लेकिन कॉलोनाइजर प्लॉट काटते रहते हैं और मकान तनते चले जाते हैं। भूरा मठी के आसपास कई मकान इसी तरह हाईटेंशन लाइन के नीचे बने हुए हैं। यह कहानी एक जगह की नहीं बल्कि शहर में एक दर्जन से अधिक ऐसे स्थान हैं जहां हाईटेंशन के नीचे मकान बनते चले गए। जिससे लोगों की जान को भी खतरा सताने लगा है।
इधर बिजली कंपनी ने नपा को दिया नोटिस
ट्रक चालक को करंट लगने के वाद मृत ट्रक चालक को देखते लोग।