व्यापारी को लूटने वालों पर 10 हजार का इनाम
मेहगांव में सराफा कारोबारी छोटू उर्फ सौरभ जैन के साथ की गई लूट के मामले में आरोपियों का एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं लगा है। एसपी नवनीत भसीन ने शनिवार को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ 10 हजार का इनाम घोषित कर दिया है।
मालूम हो, कि सराफा कारोबारी छोटू उर्फ सौरभ जैन 5 फरवरी की शाम अपनी दुकान बंद करके घर के लिए पैदल जा रहे थे, तभी पीछे की ओर से आए बाइक सवार बदमाशों ने एक फायर किया और छोटू के कब्जे से उसका बैग छीन ले गए थे, जिसमें करीब सात लाख कीमत का सोना और चांदी थी। इस घटना के बाद व्यापारियों ने पहले थाने का घेराव किया था, फिर अगले दिन विरोध स्वरूप अपनी दुकानें भी बंद रखी थीं, तब एसपी नवनीत भसीन ने मौके पर पहुंचकर सभी व्यापारियों को आश्वासन दिया था कि वे जल्द ही लूट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लेंगे।
आरोपियों को जल्द किया जाएगा गिरफ्तार
एसपी नवनीत भसीन का कहना है कि सराफा कारोबारी से लूट करने वाले आरोपी अभी गिरफ्तार नहीं हुए हैं, लेकिन उनकी तलाश जारी है। सुराग मिल रहा है। इन आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।