नि:शुल्क कोचिंग शिक्षकों के प्रयास से हुई है संभव
अटेर कस्बे में बोर्ड के छात्रों के लिए नि:शुल्क कोचिंग क्लास को शुरू किया जा रहा है। यह शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय काम है। ऐसा कस्बे में पहली बार हुआ है। छात्रों के लिए फ्री कोचिंग का संचालन स्कूल के शिक्षक और आजाद अध्यापक संघ के प्रयास से संभव हो पाया है। यहां पर सरकारी स्कूल और गैर सरकारी स्कूल के 10वी और 12वीं के छात्रों को फ्री में कोचिंग दी जा रही है। इसको सफल बनाने की जिम्मेदारी शिक्षकों की है। यह बात गुरुवार को अटेर कस्बे के सरकारी स्कूल परिसर में नि:शुल्क कोचिंग क्लास कार्यक्रम के शुभारंभ पर जनपद सदस्य करू पुरोहित ने कही।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक टीकमसिंह ने बताया कि कस्बे में पहली बार नि:शुल्क कोचिंग सरकारी स्कूल में बोर्ड परीक्षा तक संचालित रहेगी। इसके लिए टाइम टेबल तय किया गया है। जिसमें हाईस्कूल और हायर सेकंडरी की क्लास सुबह 8 से 10 बजे तक लगेगी। इस दौरान वरिष्ठ शिक्षकों द्वारा गणित, अंग्रेजी, जीव-विज्ञान, रसायन, भौतिक विषय को पढ़ाया जाएगा। इस मौके पर शैलेंद्र सिंह सेंगर, संतोष लहारिया, पंकज जयंत, विजयसिंह कुशवाह, सुरेश सोनी, राजीव शर्मा, अवतार गोयल, देवेंद्र त्रिपाठी, राजेश थापक आदि उपस्थित रहे।
नि:शुल्क कोचिंग का शुभारंभ करते पदाधिकारी।