आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण समय पर कराएं
कलेक्टोरेट में विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित
भास्कर संवाददाता | भिंड
केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं के उत्थान की दिशा में काम कर रही है। इस दिशा में कई योजनाएं और कार्यक्रम महिलाओं के हित में संचालित किए जा रहे हैं। इसलिए आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कार्य समय पर कराया जाए। वहीं आंगनबाड़ी में आने वाले बच्चों को आधुनिक सुविधायुक्त व्यवस्थाएं दी जाएं। यह बात गुरुवार को कलेक्टोरेट के सभागार में आयोजित विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक में सांसद डॉ. भागीरथ प्रसाद ने कही।
उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से सभी सुविधाएं आने वाली शिशुओं को मुहैया कराई जाएं। जिससे छत के नीचे आने वाले शिशु पोषण आहार लेते हुए प्रारंभिक शिक्षा का ज्ञान प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि महिला एवं स्वास्थ्य विभाग का अमला बच्चों को पोषित करने की दिशा में संयुक्त रूप से कार्यवाही सुनिश्चित करें। जिससे नई जनरेशन को संपूर्ण ज्ञान प्रदान करने में आसानी होगी। महिला एवं बाल विकास विभाग का अमला अपनी सेवाएं ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठ होकर प्रदान करें, तो आंगनबाड़ी में आने वाले बच्चों को और अच्छे वातावरण में ढलने का अवसर प्राप्त होगा। सांसद ने कहा कि मसूरी में दो एवं काकरपुरा में एक नई आंगनबाड़ी स्वीकृत कराने की पहल की जाए। जिससे इन गांवों के अनुसूचित जाति बस्ती के बच्चे आंगनबाड़ी में आने का अवसर प्राप्त कर प्रारंभिक शिक्षा का लाभ उठा सके। इस दौरान कलेक्टर इलैया राजा टी ने कहा कि जिले में 41 आंगनबाड़ियों को माॅडल आंगनबाड़ी बनाने की पहल की जा रही है। साथ ही अन्य आंगनबाड़ी केंद्रों में महिला एवं बाल विकास के अमले द्वारा सुविधाएं देने की पहल जारी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अमले को भी महिला बाल विकास से लिंक कर आंगनबाड़ी में आने वाले शिशुओं को सभी प्रकार की बेहतर सुविधाएं प्रदान करने की पहल की जा रही है। सुपरवाइजर अपने अपने क्षेत्र में सेवाएं पूर्ण ईमानदारी से देने की पहल करें। जिससे आंगनबाड़ी में आने वाले बच्चें संस्कारवान बने। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी कल्पना बौहरे और सीएमएचओ डाॅ. राकेश शर्मा ने विभागीय जानकारी प्रदान करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन के संबंध में उपयोगी सुझाव दिए। इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ प्रवीण सिंह, एसडीएम बीबी अग्निहोत्री आदि मौजूद रहे।
कलेक्टोरेट सभागर में आयोजित विभागीय कार्यो की समीक्षा बैठक में सांसद डॉ. भागीरथ प्रसाद और कलेक्टर बैठे हुए।