हितग्राही मूलक योजनाओं के लक्ष्य चालू माह के अंत तक पूर्ण कराएं
शासन की जनहितैषी एवं कल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने की पहल निरंतर जारी है। जिसके अंतर्गत हितग्राहीमूलक योजनाओं के सभी लक्ष्य विभागीय अधिकारी और बैंकर्स के माध्यम से चालू माह के अंत तक पूर्ण कराए जाएं। जिससे पात्र व्यक्तियों के लिए स्वीकृत किए गए प्रकरणों में यूनिट स्थापित करने के लिए राशि उपलब्ध कराने से उन्हें सीधा लाभ पहुंचेगा। यह बात गुरुवार को कलेक्टोरेट परिसर में आयोजित डीएलसीसी की बैठक में कलेक्टर इलैया राजा टी ने कही।
उन्होंने कहा कि शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं के लक्ष्य समय-सीमा में पूरे होना चाहिए। उनमें हितग्राहियों को वितरण की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित विभागीय अधिकारी बैंकर्स से समन्वय स्थापित कर स्वीकृत प्रकरणों में वितरण की कार्यवाही को अंजाम दिलाएं। वहीं आरआरसी के प्रकरणों में समय-सीमा में कार्रवाई कर मुख्यमंत्री आर्थिक योजना के पात्र हितग्राहियों को लाभ दिया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आर्थिक कल्याण योजना और स्वरोजगार योजना के सभी लक्ष्य चालू माह में पूर्ण किए जाएं। इसके साथ ही स्वसहायता समूह की ग्रेडिंग की जाकर उन्हें केस क्रेडिट की सुविधा प्रदान कराई जाए। जिसमें महिला समूहों को भी बरीयता प्रदान की जाए। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और किसान क्रेडिट कार्डों में समय सीमा में कार्रवाई होनी चाहिए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के लक्ष्य भी समय पर पूरे किए जाएं। इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ प्रवीण सिंह, संयुक्त कलेक्टर अनुज रोहतगी, एलडीएम एमके अग्रवाल, रिजर्व बैंक के प्रतिनिधि मनोज कुमार, नावार्ड के प्रतिनिधि अमित सिंह चौैहान, महाप्रबंधक उद्योग अनूप चौबे, पंजाब एंड सिंध बैंक के मैनेजर रमेश चंद्र कोरकू, अशोक शर्मा आदि उपस्थित रहे।
तीन लाइसेंस निलंबित
भिंड | पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन के प्रस्ताव पर से तीन शस्त्र लाइसेंस तत्काल प्रभाव से गुरुवार को कलेक्टर इलैया राजा टी द्वारा निलंबित कर दिए गए हैं। एसपी भसीन ने बताया कि आयुध अधिनियम 1959 की धारा 17 (3) बी में निहित प्रावधानों का प्रयोग करते हुए जगदंबा पुरोहित पुत्र आशाराम पुरोहित, ओम पुरोहित पुत्र आसाराम निवासी लावन, भीमशंकर शर्मा पुत्र रामलखन शर्मा निवासी आर्यनगर के शस्त्र लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं।
कलेक्टोरेट सभागार में आयोजित आदर्श ग्राम विकास समीक्षा बैठक में सांसद डॉ. भागीरथ प्रसाद और कलेक्टर इलैया राजा टी बैठे हुए।