युकां 15 को घेरेगी कलेक्टोरेट, राष्ट्रीय अध्यक्ष आएंगे
लगातार चोरियां और लूट की वारदात हो रही हैं। इसके अलावा हत्याओं के मामले में भी आरोपी बेखौफ घूम रहे हैं, जिससे जिले की कानून व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। इसके विरोध में युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा बरार के नेतृत्व में करीब 20 हजार कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्टोरेट का घेराव किया जाएगा। यह बात युवक कांग्रेस के लोकसभा अध्यक्ष अनुरुद्धप्रताप सिंह ने पत्रकार वार्ता में कही।
गुरुवार को शहर के बायपास स्थित टिकासरा पर श्री सिंह ने कहा कि जिले में खुलेआम ओवरलोड वाहन चल रहे हैं, जिनसे करोड़ों रुपए की लागत में बने हाईवे खराब हो चुके हैं। इसके अलावा रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। यह गाड़ियां एसपी ऑफिस और थानों के सामने से निकल जाती हैं, पर काेई कार्रवाई नहीं होती। बिजली की व्यवस्था बेकार हो चुकी है। किसानों को आंकलित बिल दिये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तीन साल से जिले में सूखे के हालात हैं, मगर प्रशासन ने अभी तक जरूरतमंद किसानों को राहत राशि के चेक ही वितरित नहीं किए हैं। इस प्रदर्शन में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा बरार मौजूद रहेंगे। अध्यक्षता लहार विधायक डॉ. गोविंद सिंह करेंगे। इसके अलावा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रियव्रत सिंह, जीतू पटवारी, प्रदेश अध्यक्ष कुणाल चौधरी, किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुर्जर मौजूद रहेंगे।