- Hindi News
- रिमझिम बारिश से सड़कों पर भरा पानी, कंपकंपाए लोग
रिमझिम बारिश से सड़कों पर भरा पानी, कंपकंपाए लोग
{आसमान में दिनभर छाए रहे बादल, सर्द हवा चलने से ठिठुरन बढ़ी
{बारिश से दबोह में सड़कें हुईं लबालब, लोगों को आवागमन में परेशानी
भास्करसंवाददाता|भिंड
शहरमें अल सुबह सिर्फ कुछ देर के लिए रिमझिम बारिश हुई। फिर बादल छाए रहे और सर्द हवा चलीं, जिससे मौसम सुहाना हो गया। अन्य दिनों की अपेक्षा ठंडक भी बढ़ने लगी है। बढ़ती सर्दी ने एक बार फिर लोगों को दोपहर में गर्म कपड़े पहनने के लिए मजबूर कर दिया है। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 21 डिसे न्यूनतम 11 डिसे दर्ज किया गया था। शनिवार को बारिश होने के साथ ही इसमें गिरावट हुई। तापमान लुढ़ककर अधिकतम 20 डिसे और न्यूनतम 8.6 डिसे पर पहुंच गया है। मालूम हो, कि शनिवार को अल सुबह करीब पांच बजे शहर समेत मेहगांव कस्बा में रिमझिम बारिश हुई। हालांकि पानी ज्यादा देर तक नहीं गिरा। कुछ समय बाद ही बंद हो गया। इधर दबोह कस्बे में तो सुबह से पानी बरसना शुरू हुआ, जो कि दोपहर तक रिमझिम गिरता रहा। इससे सड़कें पानी से लबालब हो गईं। नतीजा लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। गोहद में बारिश नहीं हुई, लेकिन यहां भी काले बादल छाए रहे।
दबोह में हुई बारिश के बाद कौंच रोड पर भरा बारिश का पानी। जिससे वाहन सवारों को निकलने में हुई दिक्कत।
फसलों को नुकसान नहीं
कुछदिन तक तेज धूप और आसमान साफ रहने के बाद मौसम में हुए परिवर्तन से किसानों के सामने संकट तो खड़ा हो गया है, लेकिन शनिवार की रिमझिम बारिश से फसलों को नुकसान नहीं है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगर बारिश तेज होती है और खेतों में जल भराव होता है, तो उस स्थिति में काश्तकारों की तकलीफ बढ़ जाएगी।