- Hindi News
- पार्सल वैन ओवरलोड होने की सूचना, रोकी ट्रेन
पार्सल वैन ओवरलोड होने की सूचना, रोकी ट्रेन
भोपाल से बिलासपुर जाने वाली ट्रेन के पार्सल वैन में ओवरलोड माल होने की सूचना मिली। स्टेशन पर ट्रेन को चैक किया तो मामला उलटा निकला। ट्रेन के पार्सल वैन में क्षमता से कम माल था। थोड़ी देर बाद ट्रेन को समय पर रवाना कर दिया गया।
बिलासपुर जाने वाली ट्रेन में ओवरलोड पार्सल वैन होने की जानकारी कंट्रोल रूम द्वारा बीना रेलवे स्टेशन पर सुबह 9 बजे के आसपास दी गई। ट्रेन में रखे माल का वजन चैक करने के बाद जरूरत पड़ने पर सामान को कम करना था। लिहाजा स्टेशन प्रबंधन द्वारा संबंधित सभी विभागों को सूचना देकर अधिकारियों को बुला लिया गया। शनिवार की सुबह 11 बजे जैसे ही ट्रेन बीना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 3 पर आकर खड़ी हुई, रेल अधिकारियों ने ट्रेन के पार्सल वैन क्रमांक एसईसी 05709 को घेर कर खुलवाया। ट्रेन में कुछ बक्से एवं अन्य सामान रखा हुआ था। पार्सल विभाग से सुशील पांडे समेत अन्य कर्मचारियों ने रैक में घुसकर माल को देखा वहां हल्का माल था, कुछ सामान को निकालकर वजन भी कराया। वह भी ठीक ही था। लगभग 10 मिनट चली जांच के बाद अधिकारियों ने पाया कि रैक की जितनी क्षमता थी उससे कम माल रखा हुआ है। लिहाजा पार्सल रेक को सील कर ट्रेन को समय पर रवाना कर दिया गया। ट्रेन की जांच करने प्रभारी स्टेशन प्रबंधक सतीश मोहन सक्सेना, डिप्टी एसएस हीरालाल वर्मा, डीसीआई यूएस तिवारी, सीपीएस अशोक साहू, चुन्नीलाल, सुशील पांडे समेत अन्य रेल अधिकारी रहे।