सागर. बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण के तहत होने वाले निर्माण कार्यों के लिए तहसील में कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में शामिल सभी विभाग प्रमुखों से प्रस्ताव लिए गए। लगभग तीन करोड़ से होने वाले कार्यों को लेकर सुझाव दिए गए। इन सुझावों को अंतिम रूप देने के बाद प्राधिकरण को भेजा जाएगा।
संयुक्त आयुक्त विकास एवं बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण के सीईओ डॉ. राजेश राय ने बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण में होने वाले कार्यों को लेकर तहसील परिसर में बैठक ली। बैठक में विधायक महेश राय, एसडीएम डॉ. जे विजय कुमार, तहसीलदार अविनाश रावत सहित अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। डॉ. राय ने बताया कि प्राधिकरण में विकास संबंधी प्रस्ताव जा रहे हैं। ब्लॉक में लगभग 3 करोड़ तक के कार्य कराए जा सकते हैं।
शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र की अति जरूरतों को देखते हुए प्रस्ताव दें। नगरपालिका से उपयंत्री बीपी चंदेल ने शहर के तीन नालों को पक्का बनाने का सुझाव दिया। विधायक ने कहा कि शहर में एक आदर्श सड़क का निर्माण हो, इसके लिए प्राधिकरण में पुष्पविहार कॉलोनी की सड़क का प्रस्ताव भेजा जाए। यह सड़क शहर के लिए लिंक रोड का काम भी करेगी। शहर को कचरा मुक्त करने के लिए कंटेनर, कचरा ट्रक दिए जाने का सुझाव भी रखा गया।
जनपद अध्यक्ष इंदर सिंह ठाकुर ने तहसील परिसर में किसानों के लिए टीन शेड बनाए जाने का प्रस्ताव दिया। ग्रामीण क्षेत्र में पानी की दिक्कत को दूर करने के लिए विधायक ने ग्राम पंचायत पिपरासर में नल-जल योजना बनाए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि बेतवा नदी से पानी लेकर ग्राम पिपरासर, बरोदिया, भूट तथा सोनचर गांव में पानी की सप्लाई की जाए। यहां सालों से गर्मी के दिनों में लोग पानी के लिए तरस जाते हैं। पीएचई के सब इंजीनियर
पीके सोनी ने बताया कि इस योजना के लिए 57 लाख का प्रपोजल कलेक्टर के पास पेंडिंग है।
बीएमओ डॉ. संजीव अग्रवाल ने हिन्नौद उप स्वास्थ्य केंद्र के लिए भवन की मांग रखी। जिस पर संयुक्त आयुक्त डाॅ. राय ने बताया कि भवन, सड़कों का निर्माण इस योजना में नहीं कराया जा सकता। उन्होंने बीएमओ से पांच उप स्वास्थ्य केंद्रों की सूची भेजने को कहा जिनमें सोलर प्रोजेक्ट लगाकर लाइट की व्यवस्था की जा सके। शिक्षा विभाग की ओर से बीईओ दिनेश यादव ने 16 शालाओं में बाउंड्रीवाल बनाए जाने की मांग रखी।