(गुरुवार को खुरई रोड पर लगे जाम के कारण सैकड़ों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क पर लगी ट्रकों की कतार।)
बीना। खुरई रोड पर लोहे के सरियों से भरा ट्रक ग्राम ढुरुवा के पास पलट गया। ट्रक पलटने से कंडक्टर सहित एक वृद्ध घायल हो गया। इधर बीच सड़क पर ट्रक पलटने से आवाजाही पूरी तरह से बंद हो गई और सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की दो किमी तक लाइन लग गई। दोपहर 12 बजे के बाद ट्रक को हटाकरट्रैफिक क्लीयर किया जा सका।
जानकारी अनुसार सरियों से भरा ट्रक क्रमांक आरजे 11 जीएस 1267 रायपुर से गुना जा रहा था। रास्ते में शहर के पूर्व ग्राम ढुरुवा के पास सुबह 5 बजे के लगभग सामने से गुजर रही गाय को बचाने में ट्रक रोड पर ही पलट गया। ट्रक पलटने से पूरा सरिया सड़क पर फैल गया एवं आवाजाही पूरी तरह से अवरुद्ध हो गई। ट्रक चालक शानू खान ने बताया कि गाय को बचाने के बाद हमने ट्रक को नियंत्रित करने की काफी कोशिश की, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
ट्रक पलटने से केबिन में सवार क्लीनर बबुआ खान 27 वर्ष एवं आगरा निवासी अन्ना खान 60 वर्ष घायल हो गए। जिन्हें 108 एंबुलेंस के माध्यम से खुरई अस्पताल भेजा गया। इधर बीच सड़क पर ट्रक पलटने से भारी एवं हल्के वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और जाम लग गया। सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक यह हालात रहे। बाद में पुलिस ने जेसीबी की मदद से ट्रक को रास्ते से हटाया औरट्रैफिक को क्लीयर कराया।
छह घंटे हुए परेशान लोग: सुबह 5 बजे से 11 बजे तक जाम लगे रहने से कई वाहन जाम में फंसे रहे। जिससे लोग काफी परेशान हुए। सतना से गंजबासोदा की ओर सीमेंट लेकर जा रहे ट्रक चालक नारायण ने बताया कि वीराने में ट्रक फंसने से पांच घंटे से अधिक खड़े रहना पड़ा। यहां खाने-पीने के लिए भी कुछ नहीं मिला, जिससे काफी परेशानी हुई। जबलपुर से उज्जैन जा रहे यात्री कल्लू चौधरी ने बताया कि नेशनल हाईवे पर जाम जैसी स्थिति कहीं नहीं होती। यहां प्रशासन जल्दी प्रयास करता तो हम पहले भी निकल सकते थे।
हादसा| गायको बचाने के चक्कर में लोहे की सरियों से भरा ट्रक बीच सड़क पर पलट गया ।
खुरई रोड पर लगा दो किलोमीटर लंबा जाम।