पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 88 लाख की लागत से बनेगी पानी की टंकी, बारिश से पहले पूरा होगा काम

88 लाख की लागत से बनेगी पानी की टंकी, बारिश से पहले पूरा होगा काम

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहर में कुशलपुरा डेम के अतिरिक्त पानी स्टोरेज के इंतजाम किए जा रहे हैं। लाखों की लागत से अतिरिक्त पेयजल टंकी बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों के भूमि पूजन के बाद काम शुरू हो गया। काम पूरा होने के बाद शहर में डेम का लाखों लीटर पानी स्टोर होने से हजारों लोगों को समय पर भरपूर पानी मिलेगा।

नगर पालिका ने गुलाब शाह की बावड़ी के पास 10 लाख लीटर पेयजल क्षमता की टंकी निर्माण के लिए काम शुरू कराया है। नपा के अनुसार 88 लाख की लागत से बनाई जाने वाली टंकी इस वर्ष बारिश से पहले कंप्लीट हो जाएगी।

विकास के लिए रखी नींव

अतिरिक्त पेयजल टंकी निर्माण के लिए शुक्रवार दोपहर नपा ने गुलाब शाह की बावड़ी परिसर में भूमि पूजन समारोह रखा। इसमें सांसद रोडमल नागर, भाजपा जिला अध्यक्ष बद्रीलाल यादव, विधायक नारायण सिंह पंवार, नपा अध्यक्ष अखिलेश जोशी आदि ने भूमि पूजन किया। इस मौके पर सीएमओ इकरार अहमद सहित नपा स्टाफ मौजूद था।

अभी यह हालात
फिलहाल शहर में कुशलपुरा डेम का 40 लाख लीटर पानी ही स्टोर हो पाता है। लोगों को कुशलपुरा डेम में भरपूर पानी होने के बाद भी तीन दिन बाद नलों से पानी मिलता है। तीन दिन बाद मिलने वाले पानी से लोगों की जलापूर्ति नहीं होती। लोग रोज कुओं व अन्य जल स्रोतों से पानी भरने को मजबूर रहते हैं।

महीनों पहले बन जाती पेयजल टंकी, नई परिषद ने की लेटलतीफी

पिछली नगर पालिका परिषद के समय वर्ष 2014 के दौरान लाखों लागत की इस पेयजल टंकी का निर्माण मंजूर हो चुका था। इसके बाद नपा चुनाव की आचार संहिता लग गई थी। इससे काम रुक गया था। चुनाव के बाद नई परिषद के आने के बाद और लेट लतीफी की गई। बीते कई महीनों से टंकी का लेआउट ही नहीं दिया गया था। समय रहते टंकी बन जाती तो हजारों लोगों को वर्तमान में पेयजल की परेशानी नहीं होती।

अतिरिक्त पेयजल टंकी का काम इस सीजन बारिश से पहले पूरा कराएंगे। टंकी बनने के बाद लोगों को पानी की सुविधा बनी रहेगी। -इकरार अहमद सीएमओ नपा ब्यावरा

50 लाख लीटर स्टोर होगा

लाखों लीटर पानी
अतिरिक्त पेयजल टंकी बनने से शहर में कुशलपुरा डेम का 50 लाख लीटर पानी स्टोर होगा। फिलहाल शहर में शहीद भरथरे बस स्टैंड, मेला ग्राउंड वाटर वर्क्स, इंदिरा नगर पेयजल टंकी सहित संपवेल में कुल 40 लाख लीटर पानी ही स्टोर हो पाता है।

पानी स्टोर से यह फायदा
-शहर में कुशलपुरा डेम का पर्याप्त पानी स्टोरेज होने से हजारों लोगों को फायदा पहुंचेगा। लोगों को समय पर प्रेशर के साथ बारह महीने भरपूर पानी मिलेगा।

शहर में इससे बड़ी एक ओर पेयजल टंकी बनाई जाएगी।भास्कर

खबरें और भी हैं...