मंडी में उपज के साथ सब्जी की भी खरीदी
ब्यावरा|कृषि उपजमंडी में उपज के साथ अब फल सब्जी की भी खरीदी होगी। इसके लिए मंडी समिति ने साढ़े पांच करोड़ का प्रोजेक्ट तैयार कर मंडी के एमडी भोपाल कार्यालय को भेज दिया है। मंडी के नए परिसर में फल सब्जी मंडी लगाने का निर्णय लिया है। इस परिसर में उपज के साथ फल सब्जी की थोक खरीदी की जाएगी। प्रपोजल में मंडी के नए परिसर में बीस दुकानें सहित थोक फल सब्जी व्यापारियों की बैठक सुविधा, शेड, कच्चे मार्ग पर सीसी करण, वाहन पार्किंग जोन सहित कवर्ड शेड निर्माण आदि शामिल हैं। एक ही स्थान पर उपज खरीदी के साथ फल सब्जी खरीदी होने पर व्यापारियों सहित ग्राहकों को यहां वहां नहीं भटकना होगा। मंडी के राजस्व में भी इजाफा होगा। फिलहाल सब्जी फलों की थोक खरीदी शहर के बीच में होती है। कृषि उपज मंडी के अघ्यक्ष मकलेश चौहान का कहना है कि उपज मंडी को फल सब्जी मंडी के रूप में भी विकसित करने का प्रपोजल बनाकर भोपाल कार्यालय पहुंचाया है। जल्द ही यह काम शुरू करवाया जाएगा।