किसानों की समस्या दूर कराने सौंपा ज्ञापन
ब्यावरा | ब्लॉक के कई गांवों के सैकड़ों किसानों की समस्याओं को दूर कराने के लिए भारतीय किसान संघ ने बुधवार दोपहर मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन एसडीएम अंजली शाह को सौंपा। ज्ञापन में सदस्यों ने बताया कि कई किसानों को वर्ष 2014 की खरीफ फसल का मुआवजा नहीं मिल पाया। किसानों की सुविधा के लिए संबंधित हलका पटवारियों को सप्ताह में एक बार हलका में बैठाया जाए।
कई किसानों को बीमा लाभ नहीं मिला। वर्ष 2014 में ओलावृष्टि से गांव बैलास, भगोरा, नरी, नारबे आदि गांवों के सैकड़ों किसानों की फसल खराब हुई थी। लेकिन किसानों को बैंकों द्वारा बीमा नहीं दिया गया। यह अविलंब दिलाया जाए। ज्ञापन सौंपने के मौके पर भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष कुमेरसिंह चौहान, कैलाश यादव, रामप्रसाद, अनार सिंह, महेश, मांगीलाल, विजय, लखन सिंह सहित गांव तलावली, भगोरा, रामपुरिया सहित अन्य गांवों के कई ग्रामीण मौजूद थे।