आंधी-बारिश से गेहूं फसल जमींदोज
एग्रीकल्चर रिपोर्टर | बुरहानपुर
मंगलवाररात हुई तेज बारिश और आंधी से जिले भर में करीब 400 हेक्टेयर गेहूं फसल आड़ी पड़ गई। इसके अलावा केला, मक्का और चना फसल को भी 40-40 फीसदी नुकसान हुआ है। बुधवार सुबह किसान खेत पहुंचे तो फसल की हालत देख आंखों से आंसू निकल आए। सबसे अधिक नुकसान गेहूं फसल को हुआ है। किसानों ने कहा पूरी तरह फसल तैयार नहीं होने के कारण दाना पतला निकलेगा। इससे उत्पादन पर असर पड़ेगा।
प्रगतिशील किसान संगठन जिलाध्यक्ष रघुनाथ पाटील ने बताया हमने शाहपुर, चापोरा, दापोरा, सेलगांव, मोहद, भावसा, फोफनार, दर्यापुर सहित अन्य गांवों का दौरा किया है। यहां गेहूं फसल को अधिक नुकसान हुआ है। गेहूं फसल को लेकर किसानों ने बीमा कराया है। उन्हें मुआवजा मिलना चाहिए। पतला दाना बाजार में भी नहीं बिकेगा। बुरहानपुर तहसीलदार जीएस गहरवार ने कहा सभी पटवारियों को सर्वे में लगा दिया है। तीन दिन तक सर्वे चलेगा। पटवारी गांव-गांव जाकर नुकसान का आंकलन कर रहे हैं। जिन किसानों की 25 प्रतिशत से अधिक फसल को नुकसान हुआ है उन्हें मुआवजा दिलाया जाएगा। खकनार तहसीलदार केएस गौतम ने बताया क्षेत्र में 20 प्रतिशत गेहूं फसल को नुकसान हुआ है। सर्वे किया जा रहा है।
खकनार| आंधी-बारिशके साथ ओले गिरने से गेहूं और मक्का फसल आड़ी हो गई। शेखापुर में बुधवार सुबह मंदिर के पास 4 पक्षी मृत पाए गए। खकनार पुलिस थाना परिसर में खड़ी गाड़ी पर पेड़ गिर गया। क्षेत्र में 50 एकड़ गेहूं और मक्का फसल को नुकसान हुआ है। किसानों ने मुआवजे की मांग की है। किसान प्रकाश चौपड़े, राजू ठाकुर, किशोर वासनकर ने कहा पहले ही जंगली सूअर फसल बर्बाद कर रहे थे। अब कुदरत ने कहर ढाया। खकनार में बिजली बंद होने से ग्रामीणों ने रात अंधेरे में गुजारी।
डोईफोड़िया| क्षेत्रमें 50 एकड़ गेहूं फसल आड़ी हो गई। किसानों ने बताया इस साल एक हजार एकड़ में गेहूं फसल लगाई है। बेमौसम तेज बारिश और आंधी से फसल को नुकसान हुआ।
सिरपुर| सिंधखेड़ा,सिरपुर, निंबापुर, गुराड़ा, नायर, हसीनाबाद, घनश्यामपुरा सहित अन्य गांवों में गेहूं सहित अन्य फसल को नुकसान हुआ। किसान किशोर पाटील, शंकरसिंह चौधरी, प्रहलाद जगन्नाथ पाटील ने बताया फसल बर्बाद होने से उत्पादन गिरेगा।
बिरोदा| क्षेत्रमें 200 एकड़ गेहूं फसल को नुकसान हुआ। रमेश महाजन, रघुनाथ महाजन, ईश्वर महाजन की 30 प्रतिशत फसल बर्बाद हुई। मक्का, चना फसल को भी नुकसान हुअा है।
बुरहानपुर में तेज आंधी और बारिश से फसल बिछ गई।