पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • अवैध शराब पकड़वाने पर 2 पक्ष भिड़े, महिलाओं ने भी चलाए लट्‌ठ

अवैध शराब पकड़वाने पर 2 पक्ष भिड़े, महिलाओं ने भी चलाए लट्‌ठ

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
क्राइमरिपोर्टर|बुरहानपुर

शहरके नागझिरी क्षेत्र में बुधवार शाम कच्ची शराब पकड़वाने पर दो पक्ष भिड़ गए। दोनों ओर से जमकर लट्‌ठ और पत्थर चले। महिलाएं भी हाथों में लट्ठ लेकर सड़क पर उतर आईं। लट्ठबाजी और पथराव में एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। करीब दो घंटे तक क्षेत्र में विवाद चलता रहा। सूचना मिलते ही गणपति नाका थाने से भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस को देख यहां भगदड़ मच गई। पुलिस ने दोनों पक्ष के लोगों को समझाइश देकर घरों में भेजा। पथराव के बाद गलियां ईंट-पत्थर से पटी नजर आईं। रात 8 बजे तक पुलिस बल क्षेत्र में तैनात रहा। विवाद के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल रहा। लोग खिड़की और छतों से झांकते रहे। बच्चे-महिलाएं घरों में दुबके रहे।

अवैध शराब बिक्री को लेकर रहवासियों ने मंगलवार को कलेक्टर, सीएसपी सहित गणपति नाका थाना में शिकायत की थी। लोगों ने क्षेत्र में शराब बिक्री बंद कराने की मांग की। शिकायत पर बुधवार शाम 4 बजे आबकारी विभाग का अमला पुलिस के साथ कार्रवाई करने पहुंचा। क्षेत्र के युवाओं ने घर-घर से कच्ची शराब जब्त कराई। इस पर बलवार समाज के लोग आक्रोशित हो गए। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। मामला बढ़ता देख आबकारी विभाग के अफसर-जवान शराब छोड़कर लौट गए। सूचना मिलने पर दो पुलिस जवान मामला शांत करने पहुंचे। लेकिन बाद में ये भी लौट गए। इसके बाद जमकर मारपीट हुई। इसमें प्रकाश सुभाष भारद्वाज, जीतू प्रकाश, डोंगरदास पर्चा सहित एक महिला घायल हो गई। देर शाम दोनों पक्ष के लोग गणपति नाका थाना पहुंचे। सुनवाई नहीं होने रहवासी सीएसपी कार्यालय पहुंचे। कार्यालय बंद होने पर लोग घर लौट आए।

क्षेत्रवासियों के मुताबिक नागझिरी क्षेत्र में दो-तीन परिवार के लोग कच्ची शराब बनाकर बेचते हैं। सुबह 4 से रात 12 बजे तक लोग यहां शराब पीने आते हैं। शराबी आए दिन गालीगलौज करते हैं। छात्राओं, महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करते हैं। शराबियों के कारण महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। घरों के सामने दरवाजे तक शराबी गंदगी फैला रहे हैं। इससे लोग परेशान हो रहे हैं।

नागझिरी में विवाद के दौरान महिलाएं भी लट्‌ठ लेकर बाहर निकल आई।