पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • ट्रक की टक्कर से वृद्ध की मौत, काम कर रहे भतीजे ने फोटो देख शिनाख्त की

ट्रक की टक्कर से वृद्ध की मौत, काम कर रहे भतीजे ने फोटो देख शिनाख्त की

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता| बुरहानपुर/निंबोला

इंदौर-इच्छापुरहाईवे पर पांधार क्षेत्र में ट्रक ने वृद्ध को टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद ड्राइवर ट्रक लेकर भाग गया। हाईवे से गुजर रहे लोगों ने रोड किनारे वृद्ध का शव पड़ा देख निंबोला पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। सबसे बड़ा सवाल शव की शिनाख्त का था। जांच अधिकारी एएसआई मोहनसिंह चौहान ने मोबाइल कैमरे से वृद्ध के चेहरे की फोटो खींची। पुलिस ने आसपास के गांवों में पूछताछ की। शव जिला अस्पताल ले जाने के बाद पुलिस ने हाईवे पर काम कर रहे मजदूरों को जिला अस्पताल बुलाया। यहां अशोक तेरसिंह ने फोटाे देखी तो सकते में गया। फोटो उसके ताऊ थावरसिंह चुनिया बारेला (60) की थी। अशोक ने परिजन को हादसे की सूचना दी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया।

बुधवार सुबह करीब 7 बजे हाईवे से गुजर रहे लोगों ने रोड किनारे थावरसिंह का शव पड़ा देखा। असीरगढ़ निवासी नागेश दौलतराम प्रजापति ने निंबोला पुलिस को सूचना दी। निंबोला थाने से एएसआई मोहनसिंह चौहान जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। एएसआई मोहनसिंह चौहान ने बताया बुरहानपुर की ओर जा रहे ट्रक ने थावरसिंह को टक्कर मारी है। टक्कर मारने के बाद ड्राइवर ट्रक लेकर भाग गया। केस दर्ज कर ट्रक और ड्राइवर की तलाश कर रहे हैं। जानकारी मुताबिक थावरसिंह खंडवा जिले के पंधाना थाना क्षेत्र के ग्राम हेमगीर का रहने वाला था। ट्रक उसके दोनों पैरों पर से निकल गया। इससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। भतीजे अशोक ने बताया ताऊ की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। थावरसिंह भाई तेजसिंह के साथ रहता था। उसकी शादी नहीं हुई थी। वह तीन दिन पहले घर से निकल गया था।

इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर हादसा

जिला अस्पताल चौकी में पुलिस ने मृतक के भतीजे अशोक से पूछताछ की।