- Hindi News
- भोराघाट के राम ने फोफनार के शाहरूख को 20 मिनट में हराया
भोराघाट के राम ने फोफनार के शाहरूख को 20 मिनट में हराया
भास्कर संवाददाता| डाेईफोड़िया
रविवारको नांदुरा में हनुमानजी का मेला लगा। मेले के दूसरे दिन आम दंगल कराया गया। भोराघाट निवासी राम मावस्कर ने चार पहलवानों को चारों खाने चित कर दम लिया।
राम का पहला मुकाबला फोफनार के शाहरूख पहलवान के बीच हुआ। 20 मिनट तक चले मुकाबले में राम ने शाहरुख को चित किया। 10-10 मिनट के मुकाबले में राम ने तलावड़ी संतोष पहलवान, सांईखेड़ा दीपक पहलवान, नांदूरा के कालू पहलवान को धूल चटाई। राम पहलवान को पुरस्कार में दो टंकी और दो हंड़े दिया। पूरे दंगल में राम का मुकाबला आकर्षण का केंद्र रहा। कुश्ती प्रेमी राम के दाव-पेंच के कायल हो गए। राम ने हर जीत पर कुश्ती प्रेमियों की दाद बटोरी।
मंदिर परिसर में आम दंगल सुबह 11 बजे से शुरू हो गया था। इससे पहले जिले भर के पहलवान दगल के पास पहुंच गए थे। जिले के 25 गांवों से दाव-पेंच दिखाने 25 से अधिक पहलवान आए। पहली कुश्ती लालबाग के नेहरूब पहलवान और सीतापुर के सलमान पहलवान बीच हुई। नेहरूब ने सलमान को हराकर दो टंकी और दो बाल्टी पुरस्कार में जीती। डोईफोड़िया के राजा पहलवान ने सिरपुर के नरेंद्र पहलवान और नंदूरा के कालू पहलवान को हराया। राजा को स्टील का डिब्बा पुरस्कार में दिया गया। बुरहानपुर के शाकिर पहलवान ने नांदूरा के भीलाला पहलवान को हराया। डोईफोडिया के सचिन पहलवान ने तलावड़ी पंकज पहलवान को हराया। दंगल में ताजनापुर सांईखेड़ा बलवाड़ा, सिरपुर, खकनार, डोईफोड़िया, शाहपुर, लालबाग, बुरहानपुर, धाबा, तुकईथड़ गांवों के 25 से अधिक पहलवानों ने दाव-पेंच दिखाए। प्रतिद्वंदी को पटखनी दी।
आम दंगल में पहलवानों ने दमखम दिखाया।