- Hindi News
- एक क्लिक पर सामने होगी अपराधी की जानकारी
एक क्लिक पर सामने होगी अपराधी की जानकारी
भास्कर संवाददाता| बुरहानपुर
अबएक क्लिक पर कहीं भी बैठकर अपराधी की जानकारी ली जा सकेगी। किस पर कितने केस दर्ज हैं यह पुलिस विभाग के अफसर भोपाल में बैठकर भी देख सकेंगे। इसके लिए जिले के सभी थाने सीसीटीएनएल (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रेकिंग नेटवर्किंग सिस्टम) से जुड़ गए हैं। इस सिस्टम से कम्प्यूटर में एफआईआर सहित थानों की सभी जानकारी ऑनलाइन दर्ज हो रही है। थानों का हर दिन का डाटा तैयार कर सीसीटीएनएस में अपलोड किया जा रहा है। एफआईआर सहित रोजनामचा, केस डायरी सिस्टम में अपलोड की जा रही है। इसके लिए अफसर-जवानों को प्रशिक्षण भी दिया गया है।
सीएसपी बीपीएस परिहार ने बताया सीसीटीएनएस से मेन्युअल काम से निजात मिलेगी। सभी थानों का रिकार्ड आॅनलाइन हो रहा है। हर दिन जानकारी अपडेट की जा रही है। थानों का रोजाना का डाटा वेब पर सुरक्षित रहेगा। किसी भी समय कहीं से भी जानकारी ली जा सकेगी। बुरहानपुर में नवंबर से यह कार्य शुरू कर दिया गया है। इस सिस्टम की मदद से अपराधी का पूरा बायोडाटा सामने आएगा। किस पर कितने, कौन-कौन से केस दर्ज हैं सब पता लग जाएगा। अब तक थानों में मेन्युअल काम किया जा रहा था। रोजाना आने वाली शिकायतें, अपराधों का पंजीकरण रजिस्टर में किया जा रहा था। इसमें अधिक समय लग रहा था। अपराधियों की मेपिंग नहीं हो पा रही थी। अपराधियों का रिकार्ड देखने में भी देरी हो रही थी। यह समस्या सीसीटीएनएस सिस्टम में नहीं होगी। किसी भी तरह की जानकारी सेकंड में मिल जाएगी।
जिले के थानों में आनलाइन एफआईआर दर्ज की जा रही है।
नेटवर्क नहीं मिलने से परेशानी
बीएसएनएलब्राडबैंड कनेक्टिविटी ठीक से नहीं मिलने के कारण अफसर-जवानों को सिस्टम चलाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सीएसपी बीपीएस परिहार के मुताबिक ग्रामीण क्षेत्र के साथ ही शहर के थानों में भी बीएसएनएल कनेक्टिविटी की दिक्कत रही है। बार-बार नेटवर्क बंद-चालू होने से सिस्टम चलाने में कर्मचारियों को परेशानी उठाना पड़ रही है। इस बारे में बीएसएनएल अफसरों से शिकायत की है।