पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कब्रिस्तान पर कचरे में आग लगी देख लोग भड़के, कॉलोनी काटने का आरोप लगाया

कब्रिस्तान पर कचरे में आग लगी देख लोग भड़के, कॉलोनी काटने का आरोप लगाया

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता| बुरहानपुर

आजादनगर क्षेत्र के सैयद इब्राहिम शाह भाकरी कब्रिस्तान की जमीन का मामला बुधवार को फिर गर्मा गया। कब्रिस्तान में जगह-जगह जलाए कचरे के ढेर पर लोग भड़क उठे। उन्होंने कॉलोनाइजर मोहम्मद आबीद नवाब पर कब्रिस्तान की जमीन पर कॉलोनी काटने का आरोप लगाया। यहां कुछ देर के लिए विवाद की स्थिति बनी। लेकिन सूचना मिलते ही गणपति नाका थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।

बुधवार अलसुबह बैरी मैदान निवासी अख्तरी बानो का निधन हो गया। सुबह क्षेत्र के लोग आजाद नगर स्थित कब्रिस्तान में उसे सुपुर्द-ए-खाक करने पहुंचे। कब्रिस्तान में कचरा जला देख लोग भड़क गए। लोगों ने कब्रिस्तान के पास झोपड़ी में रहने वाले मदनी बाबा से पूछताछ की। मदनी बाबा ने माहौल बिगड़ने से पहले पुलिस को सूचना दे दी। सुबह 11.30 बजे पुलिस कब्रिस्तान पहुंची। समझाइश देकर दोनों पक्षकों को लौटा दिया। बैरी मैदान निवासी रफीक उल्ला ने कहा यह भटियारे समाज का कब्रिस्तान है। 50 साल से यहां समाज के लोग मृतकों को सुपुर्द-ए-खाक करते रहे हैं। कब्रिस्तान की जगह पर मोहम्मद आबीद नवाब कॉलोनी काटना चाहता है। इसके लिए उसने कब्रिस्तान की कुछ कब्रो को जलाने का प्रयास किया है। आबीद ने अतिक्रमण कर यहां कुछ लोगों को झोपड़ी बनवाकर बसा दिया। इसको लेकर भोपाल में केस चल रहा है। समाज के लोगों को कब्रिस्तान में आने नहीं दिया जाता।

समाजजन ने कब्रस्तान के कागजात दिखाए।