ताप्ती नदी से हो रहा रेत का अवैध खनन
अंबाड़ाक्षेत्र के ग्राम लिंगा की ताप्ती नदी से खनिज माफिया रेत का अवैध खनन कर रहे हैं। इसको लेकर ग्रामीण परेशान हैं। उन्होंने पटवारी संजय चतुर्वेदी को इस बारे में कई बार शिकायत की। लेकिन पटवारी इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत एसडीएम से भी की। लेकिन यहां भी को सुनवाई नहीं हो रही है। ग्रामीणों ने कहा अफसरों की अनदेखी के कारण खनिज माफियाओं के हौसले बढ़ रहे हैं। इन पर सख्त कार्रवाई की जाना चाहिए।
ग्रामीणों ने बताया रोजाना रेत माफिया यहां से 20-25 ट्राॅली रेत भरकर ले जा रहे हैं। शाम 6 बजे के बाद से बुरहानपुर और जैनाबाद से लाए गए 20 से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉली में यहां से रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा है। लोग रेत माफियाओं के डर से सहमे हुए हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉली की आवाजाही के कारण यहां हर समय हादसे का डर बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है खनन से ताप्ती नदी छलनी हो रही है। जिम्मेदार अफसरों को इस ओर ध्यान देकर रेत का अवैध खनन करने वालों पर कार्रवाई करना चाहिए।
ग्राम लिंगा के ताप्ती घाट पर अवैध रूप से ट्रैक्टर-ट्रॉली में रेत भरकर ले जाते हुए।