हेलमेट पहनकर बाइक चलाने का दिलाया भरोसा
भास्कर संवाददाता| बुरहानपुर
यातायात पुलिस ने गुरुवार को जिला न्यायालय परिसर में जागरुकता अभियान चलाया। कोर्ट के गेट पर खड़े रहकर उन्होंने वकील सहित अन्य लोगों से शपथ पत्र भरवाए। चार घंटे चले अभियान में वकील सहित 200 लोगों ने शपथ पत्र भरकर दिए। सभी ने विश्वास के साथ पत्र में शपथ लेकर कहा हेलमेट पहनकर दो पहिया वाहन चलाऊंगा। ऐसा नहीं करने पर मेरे खिलाफ वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाए। सुबह 10 बजे यातायात सुबेदार आशीष तिवारी जवानों के साथ कोर्ट पहुंचे। वकीलों को उन्होंने हेलमेट पहनकर बाइक चलाने की हिदायत दी। ऐसा नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। विश्वास दिलाने के लिए वकीलों से उन्होंने शपथ पत्र भरकर लिए। पत्र में सभी को दो दिन का समय दिया है। सुबेदार तिवारी नेे दो दिन कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने कहा बिना हेलमेट कोई मिला तो कार्रवाई होगी। किसी काे बक्शा नहीं जाएगा। वकीलों का कहना पड़ा कि बाजार में बिना आईएसआई मार्क के हेलमेट बिक रहे है। ऐसे में लोगों को नकली हेलमेट देकर ठगा जा रहा है। वकीलों ने डुप्लीकेट हेलमेट बेचने वालों पर कार्रवाई की बात कही। यातायात सुबेदार तिवारी ने कहा डुप्लीकेट हेलमेट बिल्कुल नहीं खरीदे। उन्होंने वकीलों को इंदौर से आईएसआई मार्क का हेलमेट खरीदने की सलाह दी।
यातायात विभाग ने अधिवक्ताओं से शपथ पत्र भरवाएं।