चौराहे, रोड पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
शहर के मुख्य चौराहों और सड़कों पर यातायात नियम तोड़ने वालों की अब खैर नहीं रहेगी। प्रमुख चौराहों और सड़कों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। एचडी (हाईडेफिनेशन) के ये कैमरे सुरक्षा और निगरानी के लिए खासे उपयोगी साबित होंगे। एचडी क्वालिटी के होने के कारण इनकी पिक्चर जूम कर लोगों का चेहरा भी अासानी से पहचाना जा सकेगा। इन नाइट विजन कैमरों से रात की तस्वीर भी पूरी तरह साफ नजर आएगी। शहर में करीब 10 से अधिक कैमरे लगाए जाएंगे। कैमरे लगाने के लिए स्थान चयन को लेकर फिलहाल सर्वे किया जा रहा है। जल्द ही स्थानों का चयन कर लिया जाएगा।
चौराहों-सड़कों पर यह नई व्यवस्था लागू करने के लिए पुलिस जवानों को भी प्रशिक्षित किया जाएगा। कैमरे सीसीटीवी सर्विलेंस सिस्टम स्थापना योजना के तहत लगाए जाएंगे। यातायात सूबेदार आशीष तिवारी ने बताया कैमरा ऑपरेटिंग सिखाने के लिए पुलिस जवानों को ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके लिए उन्हें भोपाल भेजा जाएगा। भोपाल स्थित पुलिस दूरसंचार संगठन ऑफिस से कैमरे लगाए जाने लायक विभिन्न लोकेशन की जानकारी मंगाई गई है। यह जानकारी लेकर चयनित जवान भोपाल जाएंगे। शहर के इंट्री-एक्जिट वाले स्थानों पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
पुलिस विभाग द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
कैमरा ऑपरेट करने की ट्रेनिंग लेने भोपाल जाएंगे जवान, पुलिस विभाग कर रहा व्यवस्था; सर्वे शुरू