- Hindi News
- चुनाव के दौरान सतत संपर्क में रहेगी मप्र, महाराष्ट्र पुलिस
चुनाव के दौरान सतत संपर्क में रहेगी मप्र, महाराष्ट्र पुलिस
महाराष्ट्रमें विधानसभा चुनाव को लेकर जिले में भी सरगर्मी शुरू हो गई है। महाराष्ट्र से सटा होने के कारण जिले में भी पुलिस सतर्क है। चुनाव के दौरान प्रदेश की सीमाओं पर विशेष चौकसी रहेगी। चौकी बनाकर जांच अभियान चलाया जाएगा। संदिग्धों की धरपकड़ की जाएगी। 50 हजार से अधिक रुपए लाने ले जाने पर पूरा हिसाब पूछा जाएगा। चुनाव को लेकर सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में महाराष्ट्र और जिले के पुलिस अफसरों की बैठक हुई। चुनाव के दौरान जिले की पुलिस महाराष्ट्र पुलिस से सतत संपर्क में रहेगी।
सीएसपी बीपीएस परिहार ने बताया कंट्रोल रूप में हुई बैठक में मुक्ताईनगर फैजपुर के एसडीओपी, महाराष्ट्र के विभिन्न थानों के टीआई, आबकारी, राजस्व अफसरों सहित जिले के सभी टीआई शामिल हुए। इसमें निर्णय लिया गया कि बुरहानपुर के सभी वारंटियों की सूची महाराष्ट्र पुलिस को दी जाएगी। साथ ही महाराष्ट्र के वारंटियों की सूची जिला पुलिस को भेजी जाएगी। इससे चुनाव के दौरान अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। जांच में शराब तस्करी, अवैध रुपए सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर पूरी नजर रखी जाएगी। सभी वारंटियों की सूची का आदान-प्रदान होगा।
तीन ओर से सटी है महाराष्ट्र की सीमा
जिले में इच्छापुर, करोली के जंगल, खकनार थाना क्षेत्र में देड़तलाई, बुरहानपुर क्षेत्र में लोनी से आगे महाराष्ट्र की सीमा है। तीनों ओर से महाराष्ट्र की सीमा लगी है। इन सीमाओं पर पुलिस जांच चौकी बनाएगी। इसमें जिले के विभिन्न अफसरों की ड्यूटी लगाई जाएगी। चुनाव के दौरान 24 घंटे जांच चलेगी। अवैध गतिविधि की जानकारी महाराष्ट्र पुलिस को तुरंत दी जाएगी।