- Hindi News
- केंद्रीय सचिव ने देखा कैसे बनता है अखबारी कागज
केंद्रीय सचिव ने देखा कैसे बनता है अखबारी कागज
नेपा ऑडिटोरियम में किया फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन
भास्करसंवाददाता| नेपानगर
भारतसरकार के भारी उद्योग एवं लोक उद्यम मंत्रालय सचिव डॉ. राजन एस. कटोच ने गुरुवार को नेपा लिमिटेड का दौरा किया। यहां उन्होंने अखबारी कागज बनाने की पूरी प्रक्रिया जानी। करीब तीन घंटे यहां रूककर उन्होंने नेपा लिमिटेड और कागज बनाने संबंधी समस्त जानकारी अफसरों से ली। सुबह 11बजे नेपा ऑडिटोरियम पहुंचकर उन्होंने फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। यहां से वे नेपा लिमिटेड पहुंचे। उनके साथ नेपा लिमिटेड के सीएमडी ब्रिगेडियर एसके मुटरेजा सहित अन्य अफसर भी थे।
सीएमडी ब्रिगेडियर एसके मुटरेजा और अफसरों ने डॉ. कटोच को मॉडल के माध्यम से मशीनों की जानकारी दी। पावर पाॅइंट प्रजेंटेशन द्वारा उन्हें मिल विकास परियोजना की स्थिति बताई गई। नेपा लिमिटेड के प्रयोगशाला विभाग में श्री कटोच का स्वागत-सम्मान किया गया। इस दौरान डॉ. कटोच ने मिट के सभी विभाग प्रमुख और यूनियन प्रतिनिधियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा लगातार मेहनत जारी रखते हुए नेपा के पुराने गौरव को प्राप्त करें। इसमें भारी उद्योग एवं लोक उद्यम मंत्रालय का पूरा सहयोग मिलेगा। सीएमडी ब्रिगेडियर मुटरेजा ने कहा मिल में इको फ्रेंडली टेक्नोलॉजी के माध्यम से पर्यावरण का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। नेपानगर में अन्य उद्योग लगाने की अपार संभावना है। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सकेगा। इस दौरान कंपनी के निदेशक (वित्त) रविंद्र कुमार, अपर कलेक्टर प्रकाश रेवाल, एसडीएम सूरज नागर, तहसीलदार हेमलता सोलंकी भी मौजूद थीं। मिल अवलोकन के बाद डॉ. कटोच बुरहानपुर लौट गए।
नेपा लिमिटेड में डॉ कटोच ने जानी अखबारी कागज बनाने की पद्धति