352 वकील रहे कार्य से विरत, खेला कैरम
उच्च न्यायालय के चीफ जस्टिस के आदेश से वकील क्षुब्ध
सिटीरिपोर्टर| बुरहानपुर
जिलान्यायालय के 352 वकील मंगलवार को काम से विरत रहे। उन्होंने काम करने के बजाय टीवी पर दिल्ली चुनाव का लाइव रिजल्ट देखा। कैरम खेला। वकीलों द्वारा काम से विरत रहने के कारण पक्षकार परेशान होते रहे। मंगलवार को कोर्ट में कोई काम नहीं हुआ। जानकारी अनुसार करीब 10 दिन पहले जबलपुर उच्च न्यायालय के चीफ जस्टिस ने आदेश जारी किया है कि 5 साल पुराने सभी केसे का 31 मार्च तक निराकरण कर दें। इस आदेश से दुखी और क्षुब्ध वकील मंगलवार को कार्य से विरत रहे। वकीलों ने कहा ऐसे आदेश कम से कम 6 महीने, 1 साल पहले दिए जाने चाहिए थे।
अधिवक्ता संघ अध्यक्ष असलम खान ने कहा मप्र राज्य अधिवक्ता परिषद के आह्वान पर सभी अधिवक्ता कार्य से विरत रहे। उच्च न्यायालय के चीफ जस्टिस ने 31 मार्च तक 5 साल पुराने सभी केस का निराकरण करने के आदेश दिए हैं। इतने कम समय में यह काम नहीं हो सकता। अधिवक्ता संघ उपाध्यक्ष संतोष देवताले ने कहा इस तरह कैसे न्याय होगा। कानून की मान्यता है कि 100 दोषी छूट जाएं लेकिन एक निर्दोष को सजा नहीं होना चाहिए। सचिव युनूस पटेल ने कहा जल्दबाजी में न्याय की कोशिश करते हैं तो न्याय दफन हो जाता है।