दिल्ली तक लहराना है भाजपा का परचम
भास्कर संवाददाता | बुरहानपुर
जिसतरह प्रदेश और देश में भाजपा की सरकार बनाई। उसी तरह आने वाले स्थानीय निकाय चुनाव में भी भाजपा को जीत दिलाना है। हमें गलियों से लेकर दिल्ली तक भाजपा का परचम लहराना है। इसके लिए सभी को एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करना होगा। तभी हम समृद्ध समाज, प्रदेश और देश का सपना साकार कर सकते हैं। इस सपने को साकार करने में सभी कार्यकर्ता जुट जाएं।
ग्राम चिंचाला में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर गुरुवार को हुए कार्यक्रम में विधायक अर्चना चिटनीस ने यह बात कही। उन्होंने जनसंपर्क अभियान का शुभारंभ भी किया। श्रीमती चिटनीस ने कहा जब तक हर गली और घर में भाजपा कार्यकर्ता नहीं पहुंचेंगे यह अभियान जारी रहेगा। अभियान के तहत केंद्र सरकार के 100 दिन के कार्यकाल और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाना है। इस दौरान जिलाध्यक्ष दिलीप श्राफ, महापौर माधुरी पटेल, किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष ज्ञानेश्वर पाटिल, महामंत्री अनिल भोसले, मंडल अध्यक्ष मुकेश शाह, किशोर पाटील, वंदना राठौर, रमेश पाटीदार, रवि काकड़े, विठ्ठल खोसे, दिगंबर गुलवस्कर, रूद्रेश्वर एंडोले, संभाजी सगरे सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
विधायक अर्चना चिटनीस ने जनसंपर्क किया।