- Hindi News
- कृषि महोत्सव : गांव गांव पहुंचेंगे क्रांति रथ
कृषि महोत्सव : गांव-गांव पहुंचेंगे क्रांति रथ
गुरुवारको जिले में कृषि महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इसके तहत बुरहानपुर से कृषि रथ को रवाना किया गया। शिवकुमारसिंह चौराहे पर विधायक अर्चना चिटनीस और कलेक्टर जेपी आइरिन सिंथिया ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया। रथ बुरहानपुर ब्लॉक के विभिन्न गांवों में पहुंचकर किसानों को खेती की नई तकनीक बताएगा। उत्पादन बढ़ाने के गुर सिखाए जाएंगे। कृषि महोत्सव का उद्देश्य जिले में कृषि को और अधिक उन्नत और तकनीकी रूप से मजबूत बनाना है।
रथ के रवाना होने से पहले कृषि विभाग ऑफिस में किसानों को संबोधित करते हुए विधायक अर्चना चिटनीस ने कहा किसान खेती के साथ अन्य व्यावसायिक गतिविधियां भी अपनाएं। इससे आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। खेती के साथ पशुपालन, मुर्गी, मत्स्य पालन, फलदार पौधे लगाना, मधुमक्खी, रेशम पालन सहित अन्य व्यवसायों को अपनाना जरूरी हो गया है। कलेक्टर जेपी आइरिन सिंथिया ने कहा कृषि महोत्सव का मूल उद्देश्य कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाना है। छोटे किसानों के पास जमीन कम है। वे अन्य व्यवसाय से आमदनी बढ़ा सकते हैं। जैविक खेती को महत्व दें।
कृषि क्रांति रथ भ्रमण के दौरान कृषि वैज्ञानिक किसानों को जैविक खेती की तकनीक बताएंगे। पशुपालन विभाग, मत्स्य पालन, उद्यानिकी, कृषि सहित अन्य विभाग भी किसानों को जरूरी जानकारी देंगे। कार्यक्रम को कृषि वैज्ञानिक डॉ. अनुपम मिश्रा ने भी संबोधित किया। कृषि क्रांति रथ का ब्यौरा उपसंचालक मनोहरसिंह देवके ने प्रस्तुत किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सुरेश्वरसिंह, मुकेश शाह, किशोर पाटील सहित विभिन्न विभागों के अफसर, कर्मचारी और किसान मौजूद थे। संचालन ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी दिलीप इंगले ने किया। आभार उपसंचालक आत्मा राजेश चतुर्वेदी ने माना।
विधायक अर्चना चिटनीस, कलेक्टर जेपी आयरिन सिंथिया ने हरी झंडी दिखाकर कृषि क्रांति रथ को रवाना किया।