- Hindi News
- सफाई थोपी नहीं जा सकती, स्वेच्छा से सभी लें स्वच्छता का संकल्प
सफाई थोपी नहीं जा सकती, स्वेच्छा से सभी लें स्वच्छता का संकल्प
सफाई और स्वच्छता किसी पर थोपी नहीं जा सकती। यह तो स्वस्फूर्त होती है। स्वेच्छा से सभी स्वच्छता का संकल्प लें तो बुरहानपुर शहर और जिला सुंदर और साफ-सुथरा बन जाएगा। इसके लिए सभी को आगे आना होगा। सरकार तो सिर्फ प्रेरक और सहायक है। स्वच्छता अभियान में आमजन, सामाजिक संस्थाओं सहित सभी अपनी जिम्मेदारी समझ सहभागिता निभाएं।
स्वच्छ भारत अभियान के तहत बहादरपुर रोड स्थित राजस्थानी भवन में शनिवार को हुई बैठक के दौरान विधायक अर्चना चिटनीस ने यह बात कही। उन्होंने कहा महात्मा गांधी, आचार्य कृपलानी जैसे महापुरुषों ने भी इस कार्य में खुद योगदान देकर औरों को स्वच्छता के लिए प्रेरित किया है। हमें तो सिर्फ एक जिम्मेदार और समझदार नागरिक भर बनना है। उन्होंने बताया 2 अक्टूबर को बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ इस अभियान का शुभारंभ होगा।
अभियान के शुभारंभ पर 2 अक्टूबर को प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमारसिंह चौहान भी मौजूद रहेंगे। गांधी चौक, सुभाष चौक, मटका बाजार, अनाज मंडी, सब्जी मंडी, पाला बाजार, इकबाल चौक, गोल मार्केट में श्री चौहान, विधायक अर्चना चिटनीस सहित अन्य जनप्रतिनिधि सफाई अभियान चलाकर लोगांे को प्रेरित करेंगे। बैठक के दौरान विधायक श्रीमती चिटनीस ने अफसरों को जरूरी निर्देश दिए। साथ ही उपस्थित आमजन से स्वच्छता संबंधी सुझाव भी मांगे। महेंद्र जैन, रवि गुप्ता, मधु कपूर, अंजली गढ़े, जतन सेठिया सहित कई लोगों ने पॉलीथिन के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने, आवारा मवेशियों की धरपकड़, दुकानों में डस्टबिन रखने सहित कई सुझाव दिए। बैठक में रतनलाल हासानंदानी, अरुण शेंडे, भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप श्राफ, महापौर माधुरी पटेल, ज्ञानेश्वर पाटील, अनिल भोसले, मुकेश शाह, नगीन संन्यास, मनोज तारवाला, अजहर उल हक सहित कई सामाजिक संस्थाओं के सदस्य और आमजन मौजूद थे।
बैठक में विधायक अर्चना चिटनीस ने सभी को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की बात कही।