- Hindi News
- रात 11 बजे तक हो सकेंगे गरबे नए मंडलों को अनुमति नहीं मिली
रात 11 बजे तक हो सकेंगे गरबे नए मंडलों को अनुमति नहीं मिली
25 सितंबर से नवदुर्गा उत्सव शुरू होगा। जिलेभर में मां अंबे की आराधना होगी। उत्सव को लेकर मंडलों सहित प्रशासन ने भी तैयारी कर ली है। जगह-जगह माता के दरबार सज रहे हैं। मूर्तिकार प्रतिमाओं को फाइनल टच दे रहे हैं। वहीं पुलिस प्रशासन ने भी उत्सव को लेकर कार्ययोजना बना ली है। मंडलों में रात 11 बजे तक गरबे खेले जा सकेंगे। उत्सव के तहत नए मंडलों को प्रतिमा स्थापना की अनुमति नहीं दी जाएगी।
शहर में इंदिरा कॉलोनी, आदर्श कॉलोनी, बैंक कॉलोनी, दुर्गा मैदान, बुधवारा, इतवारा, सिंधीपुरा, लालबाग के नवदुर्गा चौक, गांधी कॉलोनी, प्रतापपुरा, न्यामतपुरा, सिलमपुरा, महाजनापेठ सहित ग्रामीण क्षेत्र के शाहपुर, खकनार, नेपानगर, निंबोला और अन्य क्षेत्रों में भी माता की भक्ति लहराएगी। शहर में करीब 200 से अधिक जगह मंडलों द्वारा गरबा कराया जाएगा। इसके लिए रात 11 बजे तक के निर्धारित किए गए समय को लेकर पुलिस ने मंडलों को अवगत करा दिया है।
सीएसपी बीपीएस परिहार ने बताया सभी नवदुर्गा मंडलों की सूची हर थाने में रखी जाएगी। रात में दो व्यक्तियों की पंडाल में ड्यूटी लगाई जाएगी। पंडाल में सोने वाले लोगों की सूची मोबाइल नंबर सहित थानों में बुलाई जा रही है। समिति सदस्यों को पहचान पत्र दिए जाएंगे। इस साल प्रतिमाओं की ऊंचाई कम रखी गई है। नवदुर्गा मंडल मुहूर्त में ही माता की स्थापना करें। उत्सव के दौरान सिर्फ धार्मिक गाने ही बजाए जाएं। प्रतिबंधित और फूहड़ गाने नहीं चलेंगे। शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीएसपी ने बताया शहर में जगह कम होने के कारण इस साल नए मंडलों को प्रतिमा स्थापना की अनुमति नहीं दी जाएगी। गरबाें सहित अन्य कार्यक्रम कराने के लिए अनुमति लेना होगी।
नवदुर्गा उत्सव को लेकर शनिवार को खकनार थाने में शांति समिति की बैठक हुई। इसमें विभिन्न गांवों के नवदुर्गा मंडल सदस्य शामिल हुए। टीआई महेश सुनैया ने बताया खकनार क्षेत्र में 130 प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी। रविवार से प्रतिमा स्थापना स्थलों का निरीक्षण किया जाएगा।
मूर्तिकार सुरिता सुनील मोरे मां दुर्गा की प्रतिमा को फायनल टच देते हुए।