- Hindi News
- जंगलों में सुरक्षा के इंतजाम नहीं, अभी भी हो रही अवैध कटाई
जंगलों में सुरक्षा के इंतजाम नहीं, अभी भी हो रही अवैध कटाई
क्षेत्र के कक्ष क्रमांक 253 में आदिवासियों ने करीब 100 हेक्टेयर में पेड़ों की कटाई की थी। इसको लेकर पिछले साल 18 दिसंबर को अतिरिक्त प्रमुख वन संरक्षक जेपी शर्मा ने दो रेंजर, एक एसडीओ और बीट गार्डों को निलंबित किया था। इसके बाद भी विभाग ने इस कक्ष में जंगल की सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए हैं। यहां नवाड़ माफिया करीब पांच हजार से अधिक पेड़ों की कटाई कर चुके हैं। जंगल कटाई को लेकर निलंबित अफसर-कर्मियों को फिर बहाल कर अन्यत्र पदस्थ कर दिया गया है लेकिन जंगल में अतिक्रमण अब भी पसरता जा रहा है।
नेपानगर का वनक्षेत्र अतिक्रमण को लेकर हमेशा से ही संवेदनशील रहा है। नवाड़ निकालने के लिए यहां आदिवासी अतिक्रमण कर रहे हैं। बाहरी जिलों से आए आदिवासी यहां आकर नवाड़ माफियाओं से जंगल की जमीन खरीद रहे हैं। यहां तक की खड़े जंगल का भी सौदा किया जा रहा है। बावजूद इसके वन विभाग पुख्ता कार्रवाई नहीं कर रहा है। राजनीतिक हस्तक्षेप और वनाधिकार अधिनियम 2006 के कारण विभाग लाचार साबित हो रहा है। हाल ही में वन विभाग के प्रमुख प्रशासकीय अधिकारी अनिल ओबेराय खंडवा पहुंचे। लेकिन अतिक्रमण को लेकर संवेदनशील बुरहानपुर वन मंडल का दौरा करना भी उन्होंने मुनासिब नहीं समझा।