- Hindi News
- इंदिरा कॉलोनी में तीन करोड़ में बनेगा सीसी रोड, ब्लॉक लगेंगे
इंदिरा कॉलोनी में तीन करोड़ में बनेगा सीसी रोड, ब्लॉक लगेंगे
शहर की पॉश लेकिन बदहाल इंदिरा कॉलोनी के अब हालात सुधरेंगे। नगर निगम यहां 3 करोड़ 21.14 लाख रुपए की लागत से सीमेंट-कांक्रीट रोड बनाने के साथ प्रीकास्ट सीसी रिफ्लेक्टिव टाइप इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक लगाएगा। ये दोनों कार्य कॉलोनी के नौ अलग-अलग हिस्सों में किए जाएंगे। इसके अलावा नगर निगम के 33 दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को भी नियमित किया जाएगा। शहर की कॉलोनियों में डोर-टू-डोर कचरा खरीदी के लिए करीब 50 साइकिल रिक्शा खरीदे जाएंगे। इससे शहर को गंदगी से छुटकारा मिल सकेगा।
नगर निगम के नवनिर्मित एमआईसी हॉल में शनिवार को हुई मेयर इन काउंसिल की बैठक में यह निर्णय लिए गए। करीब 13 लाख रुपए की लागत से बने हॉल में एमआईसी की यह पहली बैठक थी। इसकी अध्यक्षता महापौर माधुरी पटेल ने की। इंदिरा कॉलोनी के लोगों की मांग पर बैठक में 9 स्थानों पर सीसी रोड निर्माण और पेवर ब्लॉक लगाने के लिए निविदाओं में प्राप्त दरों को स्वीकृति दी गई। बैठक का सबसे अहम फैसला निगम के 33 दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को नियमित किए जाने का रहा। महापौर माधुरी पटेल ने कहा नियमानुसार पात्र कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा।
बैठक में पूर्व महापौर अतुल पटेल ने शहर की सफाई व्यवस्था पर सदस्यों के साथ चर्चा की। निर्णय लिया गया कि शहर की कॉलोनियों में डोर-टू-डोर कचरा एकत्र करने के लिए करीब 50 साइकिल रिक्शा खरीदे जाएंगे। इस पर सभी एमआईसी सदस्यों ने सहमति जताई। पूर्व महापौर अतुल पटेल ने कहा इन साइकिल रिक्शा से निजी कॉलोनियों में भी सफाई व्यवस्था दुरूस्त हो सकेगी। इन कॉलोनियों के रहवासी हर महीने 20 से 50 रुपए तक देने को तैयार हैं। यहां के लिए एक-एक व्यक्ति निश्चित कर उसे डोर-टू-डोर कचरा एकत्र करने का जिम्मा दिया जाएगा। इससे कॉलोनी में सफाई हो सकेगी। वहीं कुछ लोगों को रोजगार भी मिल सकेगा। दोपहर 2.30 से शाम 4.30 बजे तक चली बैठक में निगमायुक्त सुरेश रेवाल, अनिल भोसले, पांडुरंग जाधव, मुकेश अग्रवाल, रूद्रेश्वर एंडोले, नसीम बानो मोहम्मद अफजल, सविता किशोर राठौर, सुधीर खुराना, संध्याबेन रविंद्र नागर, गुलआराबी शेख बाबू, कार्यपालन यंत्री डीके पटेल, डीके बत्रा, स्वास्थ्य प्रभारी विरेंद्र पयासी सहित सभी एमआईसी सदस्य और अफसर मौजूद थे।