फरवरी के अंत तक अधूरे निर्माण पूरे करें
कलेक्टर ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में अफसरों को निर्देश दिए
भास्कर संवाददाता | बुरहानपुर
संयुक्त जिला कार्यालय में शुक्रवार को विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। कलेक्टर जेपी आइरिन सिंथिया ने अफसरों से एक-एक काम की जानकारी जुटाई। उन्होंने अधूरे पड़े सभी निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा फरवरी के अंत तक सभी निर्माण पूरे कर लें। बैठक में ननि से डीके बत्रा, जिपं सीईओ बसंत कुर्रे, लोक निर्माण विभाग सीईओ एसके मालवीय सहित अन्य विभागों के अफसर मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर जेपी आइरिन सिंथिया ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। वर्ष 2014-15 तक स्वीकृत सभी निर्माण फरवरी अंत तक पूरे करने के लिए कहा। कलेक्टर ने अफसराें को निर्माणों के उपयोगिता प्रमाण पत्र जारी कर एमआईएस में दर्ज कराने के लिए कहा। वाटरशेड मिशन के कार्याें को पूरा करने के निर्देश दिए।