फिजूलखर्ची रोकने के लिए युवाओं ने सामूहिक सम्मेलन में लिए फेरे
भास्कर संवाददाता | बुरहानपुर
शुक्रवार को स्टेडियम पर काछी माली समाज के युवाओं ने खर्च बचाने के लिए सामूहिक सम्मेलन में विवाह किया। हिंदू रीति-रिवाज से सात जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। सात फेरे लेकर सात जन्म साथ रहने का वादा किया।
पहली बार समाज ने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में विवाह कराया। मंत्रोच्चार के बीच समाजजन ने दूल्हा-दुल्हन पर अक्षत अर्पित की। शादी का खर्च, समय बचाने के लिए युवाओं ने सामूहिक विवाह समारोह में सात फेरे लिए। समाज कोषाध्यक्ष पांडूरंग जाधव ने बताया समाज का 24वां सामूहिक विवाह हुआ लेकिन यह पहला मौका है जब मुख्यमंत्री योजना में कन्यादान हुआ है। रास्तीपुरा के एमबीए डिग्रीधारी राजकुमार दिलीप महाजन ने स्वाति से विवाह किया। राजकुमार ने कहा सामूहिक विवाह में शादी का खर्च और समय की बचत हुई। समाज अध्यक्ष चंपालाल बाबूलाल, सचिव श्रीकृष्ण कौशिक सहित समस्त समाजजन का सहयोग रहा।
कार्यक्रम में विधायक अर्चना चिटनीस ने कहा मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने भांजियों के विवाह की जवाबदारी खुद ली है। यह शिवराजसिंह के अलावा कोई नहीं कर सकता है। महापौर अनिल भोसले ने कहा मुख्यमंत्री ने फिजूल खर्ची रोकने के लिए योजना शुरू की है। महापौर ने कन्याओं को शासन द्वारा दिए उपहार भेंट किए। समारोह में निगमाध्यक्ष मनोज तारवाला, पूर्व महापौर अतुल पटेल, एमआइसी सदस्य विट्ठल खोसे, चिंतामन महाजन, रूद्रेश्वर एंडोले, पार्षद मुकेश चौहान सहित सैकड़ों समाजजन मौजूद थे।
मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत कन्याओं को 25 हजार रुपए दिए गए। इसमें 10 हजार रुपए 5 साल की एफडी के लिए, 7 हजार रुपए मनपसंद सामग्री खरीदने के लिए, 5-5 हजार रुपए बर्तन सेट, चांदी की ज्वेलरी, मंगलसूत्र, पायजेब खरीदने के लिए दिए गए। 3 हजार रुपए शादी के लिए खर्च के लिए दिए गए।
राजकुमार महाजन को स्वाति ने वरमाला के बाद मिठाई खिलाई।