अस्पताल में कचरे से डिब्बे भरे, फैली दुर्गंध
जिला अस्पताल में दो दिन से साफ-सफाई नहीं हुई, कर्मचारी हड़ताल पर
भास्कर संवाददाता | बुरहानपुर
गुरुवार से जिला अस्पताल के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हड़ताल पर हैं। दो दिन से अस्पताल परिसर और वार्डों में न झाडू लगी है न कचरा उठा है। अस्पताल के सभी डिब्बे कचरे से भर गए हैं। इससे अब कचरा बाहर गिरने लगा है। इससे अस्पताल में बदबू फैल गई है।
दरअसल 40 से अधिक कर्मचारियों काे जनवरी महीने का वेतन नहीं मिला है। एक सप्ताह पहले कर्मचारियों ने चेताया भी, लेकिन सिविल सर्जन डॉ. केएम गुप्ता ने गंभीरता नहीं दिखाई। गुरुवार से 20 स्वीपर, 18 सिक्योरिटी गार्ड, 12 वार्ड बॉय, तीन आया बाई हड़ताल पर चले गए। दो दिन से अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाएं चरमरा गई हैं।
सर्जिकल, मेडिकल, जचकी वार्ड में गंदगी पसरी हुई है। परिजन मरीजों को उठाकर बिस्तर तक पहुंचा रहे हैं। सिक्योरिटी गार्ड के अभाव में पार्किंग व्यवस्था गड़बड़ा गई है। वार्ड में आवारा कुत्तों का जमावड़ा लग रहा है। बेरोक-टोक लोग वार्ड में आ जा रहे हैं। इससे मरीजों को परेशानी हो रही है।
जिला अस्पताल में कर्मचारियों की हड़ताल के कारण वार्डो में कचरे के ढेर लगे रहे।