जनपद अध्यक्ष के आश्वासन पर तंबू हटाया
भास्कर संवाददाता | बुरहानपुर
नियमितीकरण की मांग पर अड़े ग्राम रोजगार सहायकों ने पांचवें दिन तंबू समेट लिया। हालांकि रोजगार सहायक 14 फरवरी तक घर बैठकर हड़ताल जारी रखेंगे। उन्होंने जनपद अध्यक्ष के आश्वासन पर यह निर्णय लिया। जनपद अध्यक्ष पांचवें दिन उनसे मिलने आए थे।
बुरहानपुर और खकनार तहसील में 167 रोजगार सहायक हड़ताल पर हैं। शुक्रवार दोपहर 1 बजे जनपद अध्यक्ष किशोर पाटील बुरहानपुर तहसील कार्यालय के सामने हड़ताल स्थल पहुंचे। उन्होंने रोजगार सहायकों की समस्या सुनी। अध्यक्ष ने उन्हें आश्वासन दिया कि मांगों को विधायक अर्चना चिटनीस सहित मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान तक पहुंचाएंगे। बाद में अध्यक्ष ने रोजगार सहायक को फल खिलाए। आश्वासन के बाद रोजगार सहायकों ने तंबू हटा लिया लेकिन काम पर नहीं लौटेंगे। 14 फरवरी तक हड़ताल पर ही रहेंगे।
रोजगार सहायक संघ जिलाध्यक्ष जहीर खान ने बताया हम सभी हड़ताल स्थल से उठ रहे हैं लेकिन काम पर नहीं लौटेंगे। शाम 5 बजे तहसील कार्यालय के सामने लगा तंबू हटा लिया गया। रोजगार सहायकों की हड़ताल 8 फरवरी से शुरू हुई है। नियमितीकरण की मांग कर रहे हैं। जनपद अध्यक्ष के आश्वासन के बाद तंबू हटाया। जिलाध्यक्ष जहीर खान ने कहा मांगों के लिए कई बार शासन, प्रशासन को अवगत कराया गया। लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। अभी एक सप्ताह की हड़ताल पर है। इसके बाद भी मांगे नहीं मानी जाती हैं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे।
जनपद अध्यक्ष किशोर पाटील ने हड़ताल पर बैठे सहायक सचिवों से चर्चा की।