बुनकर संघ अध्यक्ष से मजदूरों ने पूछा अब तक मजदूरी तय क्यों नहीं की
भास्कर संवाददाता | बुरहानपुर
हमीदपुरा के मोमिन जमात खाना में पावरलूम मजदूरी को लेकर मजदूर बुनकर संघ अध्यक्ष पर बिफरे। मजदूरों ने कहा अब तक मजदूरी तय क्यों नहीं हुई है। टेक्सटाइल एसोसिएशन से चर्चा करने आपको अकेले नहीं जाना चाहिए था। वीवर्स एसोसिएशन अध्यक्ष को भी विचार-विमर्श के लिए बुलाना था। अध्यक्ष और मजदूर के बीच करीब एक घंटे तक बहस चली।
पावरलूम मजदूरी बढ़ाने को लेकर बुधवार बैठक हुई थी। इसमें बुनकर संघ और टेक्सटाइल एसोसिएशन ने आपस में चर्चा कर ली। बुनकर संघ अध्यक्ष अब्दुल रब सेठ है। टेक्सटाइल एसोसिएशन अध्यक्ष मुकेश देवड़ा हैं। दोनों पदाधिकारियों ने चर्चा में मजदूरी तय नहीं की। मजदूरों की मांग है कि वीवर्स एसोसिएशन अध्यक्ष रियाज अंसारी को भी शामिल करना था लेकिन रियाज अंसारी को बैठक की सूचना तक नहीं की। शुक्रवार को मजदूरी की आम बैठक में इसी मुद्दे पर जमकर बहस हुई।
टेक्सटाइल एसोसिएशन ने 2015 के लिए 23 रुपए पीक प्रति मीटर मजदूरी तय की थी लेकिन 8 महीने से पावरलूम मालिकों को प्रति पीक 21 रुपए मजदूरी का भुगतान हो रहा है जबकि पावरलूम मालिक मजदूरों काे पूरी 23 रुपए मजदूरी का भुगतान कर रहा है। इससे मालिकों को हर दिन 7 लाख रुपए का नुकसान हो रहा है। शहर में 15 हजार पावरलूम मालिक है। 30 हजार के लगभग मजदूर काम कर रहे हैं। हर दिन साढ़े चार लाख मीटर कपड़ा उत्पादन हो रहा है। 45 हजार पॉवरलूम पर 30 हजार मजदूर काम कर रहे हैं। हड़ताल से एक दिन में पॉवरलूम कारोबार को एक से डेढ़ करोड़ रुपए का नुकसान होगा।
टेक्सटाइल एसोसिएशन का कोई सदस्य मालिकों को कम मजदूरी दे रहा है तो उनका नाम बताएं। उन सदस्यों से निवेदन करेंगे। समझाइश देंगे। मजदूरी सही दी जा रही है। मुकेश देवड़ा, टेक्सटाइल एसोसिएशन अध्यक्ष
टेक्सटाइल एसोसिएशन अध्यक्ष ने मजदूरी तय करने के लिए बैठक बुलाई थी। े वीवर्स एसोसिएशन से संपर्क क्यों नहीं किया मुझे जानकारी नहीं है। बुनकर संघ से मुझे बुलाया था। - अब्दुल रब सेठ, अध्यक्ष बुनकर संघ
रविवार को तीनों एसोसिएशन की दूसरी बैठक होगी। सोमवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेगे। मजदूरी व एरियर्स नहीं मिला तो आंदोलन करेगे। - रियाज अंसारी, अध्यक्ष वीवर्स एसोसिएशन
लेबर कोर्ट में
लगाएंगे केस
2015 में बुरहानपुर वीवर्स एसोसिएशन, टेक्सटाइल एसोसिएशन और बुरहानपुर बुनकर संघ की बैठक हुई थी। इसमें 23 रुपए मजदूरी तय की गई थी। बुनकर संघ के एडवोकेट रियाज अंसारी ने कहा पावरलूम मालिक 8 महीने के एरियर्स की मांग कर रहे हैं। टेक्सटाइल एसोसिएशन ने मांग नहीं मानी तो लेबर कोर्ट में केस लगाएंगे।
पावरलूम संघ की बैठक को संबोधित करते पदाधिकारी।
बैठक में बड़ी संख्या में पावरलूम बुनकर शामिल हुए।