- Hindi News
- National
- पुलिस करती रही इंतजार, कांग्रेसियों ने कन्या स्कूल के सामने शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका
पुलिस करती रही इंतजार, कांग्रेसियों ने कन्या स्कूल के सामने शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका
परिणामों का निराकरण नहीं किया तो हर मंत्री का करेंगे विरोध
भास्कर संवाददाता | बुरहानपुर
वनरक्षक भर्ती परीक्षा परिणाम के फेरबदल के विरोध में युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को चकमा देकर सावित्रीबाई फुले कन्या स्कूल के सामने शिक्षा मंत्री का पुलिस फूंक दिया। इधर, कमल तिराहा पर कोतवाली पुलिस उनका इंतजार करती रही। विरोध प्रदर्शन के बाद पुतला खाक होने तक पुलिस नहीं पहुंची।
शिक्षा मंत्री पारस जैन के विरोध में युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता दोपहर 12 बजे कमल तिराहा पर एकत्र हुए। विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए एसआई सौरभ पांडे दल-बल के साथ तैनात हो गए। पहले युवक कांग्रेस खंडवा लोकसभा महासचिव संदीप जाधव कमल तिराहा पहुंचे। उन्होंने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था देखी। 12.30 बजे तक विरोध प्रदर्शन नहीं हुआ। कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन छोड़ इधर-उधर हाेने लगे। इस दौरान मौके पर टीआई हनुमंतसिंह राजपूत पहुंचे।
दोपहर करीब 1 बजे सावित्रीबाई फूले कन्या हायर सेकंडरी स्कूल के सामने 4 कार्यकर्ता पुतला लेकर आए। संदीप जाधव सहित 5 कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंक दिया। कमल तिराहा पर पुलिस अफसर-जवान उनका इंतजार करते रहे। पुतला दहन होने 5 से 6 कार्यकर्ता कन्या स्कूल के पास पहुंचे। सभी ने शिक्षा मंत्री मुर्दाबाद के नारे लगाए।
युवक कांग्रेस लोकसभा महासचिव संदीप जाधव ने कहा- वनरक्षक भर्ती परिणाम रातोरात बदल गए। पहले सभी पास हो गए। फिर दूसरे दिन फेल हो गए। व्यापमं का नाम बदलकर मप्र प्रवेश एवं भर्ती परीक्षा मंडल कर दिया गया। इसके प्रभारी भी शिक्षा मंत्री पारस जैन है। उन्होंने वनरक्षक भर्ती परीक्षा करवाई है। वनरक्षक भर्ती परीक्षा के परिणामों में सुधार नहीं होगा, तब तक युवक कांग्रेस बुरहानपुर आने वाले हर केबिनेट मंत्री का विरोध करेगी। कार्यकर्ताओं ने कन्या स्कूल के सामने पुतला फूंक कर विरोध जताया और पुलिस कमल तिराहे पर इंतजार करती रह गई। युवक कांग्रेस खंडवा लोकसभा महासचिव संदीप जाधव ने बताया पुतला दहन के लिए मंगलवार सुबह 11 बजे पुतला दहन का आवेदन दिया था। इसकी रसीद ली गई थी। पुतला दहन के दौरान लोकेश ढोरे, रोशन ठाकरे, हिमांशू दुबे, जितेंद्र संयास, लखन सिरतुरे, आनंद चौहान, नंदू ठाकरे, मितेश रूले, राहूल जोगदंड, गोविंदा करोसिया, सन्नीत पालवी सहित अन्य मौजूद थे।
रैली, धरना प्रदर्शन
व जुलूस पर प्रतिबंध
कलेक्टर जेपी आइिरन सिंथिया ने मंगलवार को दंड प्रक्रिया संहिता, 1973 की धारा-144 के तहत शहर में बिना अनुमति रैली, जुलूस, धरना व शोभायात्रा पर प्रतिबंध लगाया है। इसके लिए एसडीएम से अनुमति लेना होगी। ध्वनि विस्तार यंत्र, मार्ग में मंच नहीं लगा सकते हैं। उल्लंघन पर धारा 188 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रतिबंधात्मक आदेश एसपी की रिपोर्ट पर जारी किया गया है।
व्यापमं का पुतला दहन के लिए दिया था आवेदन
युवक कांग्रेस ने वनरक्षक भर्ती परीक्षा परिणामों में हुए फेरबदल के विरोध में व्यापमं का पुतला दहन करने के लिए आवेदन दिया था। - बीपीएस परिहार, सीएसपी
धारा 144 लागू, पुतला दहन प्रतिबंधित है
पुतला दहन करने की परमिशन नहीं थी। धारा 144 लागू कर दी गई है। इसमें पुतला दहन प्रतिबंधित होता है। मेरे पास आवेदन नहीं दिया। -केआर बड़ोले, एसडीएम
युवकों ने कन्या स्कूल के सामने शिक्षामंत्री का पुतला फूंका।