एकजुटता दिखाने के लिए कल से रेलवे कर्मचारियों का मतदान
मध्य रेलवे मंडल के नेशनल रेलवे मजदूर यूनियन की 10 अप्रैल को हड़ताल
भास्कर संवाददाता | बुरहानपुर
ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के आह्वान पर मध्य रेलवे मंडल के नेशनल रेलवे मजदूर यूनियन की 10 अप्रैल को हड़ताल है। 75 प्रतिशत कर्मचारियों का पक्ष एकमत हाेने पर सरकार हड़ताल की अनुमति पर विचार करेगी। एकजुटता दिखाने के लिए कल से रेलवे कर्मचारियों का मतदान होगा।
नेशनल रेलवे मजदूर यूनियन भुसावल मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र कापड़े ने बताया भारतीय रेलवे के 1 लाख 35 हजार कर्मचारी हड़ताल में शामिल होंगे। सावदा से मंडवा तक बुरहानपुर मुख्यालय है। इस बीच 776 कर्मचारी कार्यरत हैं। 11 फरवरी को पांच मतदान केंद्र पर वोटिंग होगी। 12 को चार छोटे स्टेशन पर बूथ लेकर जाएंगे। यहां के कर्मचारी अपना मत देंगे। हड़ताल के पक्ष में जगह-जगह बैठकों का दौर जारी है।
यह है मांग-रेलवे फेडरेशन ने केंद्र को 32 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा था। सातवें वेतन आयोग में 26 हजार रुपए न्यूनतम वेतन मांगा था, मंडल ने 16 हजार दिया। अधिकतम वेतन 2.10 लाख मांगा, बढ़ाकर अफसरों को 2.50 लाख रुपए किया। पुरानी पेंशन स्कीम बंद कर नई लागू करो। निजीकरण बंद करो, अनुकम्पा नियुक्ति सभी विभागों में की जाए। रेलवे अस्पताल, स्कूल बंद की व्यवस्था को यथावत रखा जाए। एफडीआई को लागू न करें। खाली पद भरे जाए।
यहां हाेगा मतदान
बुरहानपुर, नेपानगर, सावदा, रावेर, निंभोरा पर मतदान केंद्र बनाया जाएगा। पहले दिन यहां के कर्मचारी हड़ताल में समर्थन के लिए मतदान करेंगे। दूसरे दिन असीर, चांदनी, मांडवा और वाघोड़ा स्टेशन पर बूथ ले जाएंगे।