सीवल में हैंडपंप सूखने से लोग हो रहे परेशान
सीवल में जल संकट शुरू हो गया है। लोगाें को पानी के लिए खेतों में जाना पड़ रहा है। जैसे-तैसे पीने के लिए पानी जुटा रहे हैं। गांव के हैंडपंप सूख गए हैं। लोग आसपास के खेतों सहित गांव के तीन कुंओं पर निर्भर है। ग्रामीणों ने मंगलवार को एसडीएम एसएल सिंगाडे़ को ज्ञापन सौंपकर समस्या के निराकरण की मांग की है।
सरपंच दिनेश रतन ने बताया पंचायत द्वारा टैंकर से पानी दिया जा रहा है। लेकिन एक टैंकर होने से सभी को पानी नहीं मिल रहा है। परेशानी बढ़ रही है। इस दौरान प्रकाश रुपजी, सेवक दगड़ू, जगदीश हमा, मोजीराम, सुरेश गणपत सहित अन्य उपस्थित थे।
8000 की आबादी पर एक टैंकर से दे रहे पानी
दिनेश रतन ने बताया नदी में पानी कम हो गया है। जल स्तर गिर रहा है। हैंडपंप भी पानी नहीं दे पा रहे हैं। करीब 8 हजार की आबादी है। गांव में 7 हैंडपंप है। यह हैंडपंप दो सप्ताह से बंद है। आंगनवाड़ी क्रमांक 4 में ही हैंडपंप चल रहा है। लेकिन कुछ देर तक ही पानी निकल रहा है। इस साल नदी में पानी का स्तर काफी कम हो गया है। इससे परेशानी हो रही है। मवेशियों को भी पीने के लिए पानी नहीं मिल रहा है। सोमवार को बुरहानपुर पीएचई के कार्यपालन यंत्री को शिकायत दी है। पहले भी पानी की समस्या से अफसरों को अवगत कराया जा चुका है। बावजूद इसके ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पंचायत के पास एक ही टैंकर है। इससे लोगों को पानी दिया जा रहा है। एक टैंकर से सभी लोगों को पानी देना मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक अभी ठंड का मौसम है। इससे कम पानी की जरूरत पड़ रही है। पानी के लिए व्यवस्था नहीं की गई तो गर्मी के दौरान परेशानी बढ़ जाएगी।
जल संकट
टैंकर आते ही पानी भरने के लिए जुट जाते हैं ग्रामीण।