- Hindi News
- ढाई घंटे मंथन कर पटवारियों ने बैठक में रखी 12 लिखित मांगें
ढाई घंटे मंथन कर पटवारियों ने बैठक में रखी 12 लिखित मांगें
भास्कर संवाददाता| बुरहानपुर
जिलापटवारी संघ ने लंबित और नई मांगों को लेकर रास्तीपुरा के कृष्णा गार्डन के तुलसी भवन में रविवार को बैठक रखी। एक-एक पटवारी ने प्रतिनिधि मंडल के समक्ष अपनी पीड़ा बताई और उसे लिखित में भी प्रस्तुत किया। निराकरण के लिए इन मांगों पर करीब ढाई घंटे तक पटवारियों ने मंथन किया। इसके बाद निराकरण के लिए पटवारियों से 12 समस्या लिखित में ली गई। इसमें बुरहानपुर, नेपानगर और खकनार के 48 पटवारी शामिल हुए।
कृष्णा गार्डन के तु्लसी भवन में दोपहर 12.30 बजे से पटवारी संघ की बैठक शुरु हुई। इसमें सबसे पहले लंबित चार मांगों पर पदाधिकारियों ने विचार-विमर्श किया। इसके बाद एक-एक पटवारी की समस्या सुनी। निराकरण होने जैसी समस्याओं को लिखित में लिया। शाहपुर राजस्व निरीक्षक वरुणकुमार उपाध्याय पटवारियाें के साथ अभद्रता कर रहा है। पटवारियों ने कहा शाहपुर क्षेत्र में उसकी दखल अंदाजी से काम करने में दिक्कत हो रही है। उन्होंने इस बात को कलेक्टर जेपी आइरिन सिंथिया तक पहुंचाने की बात कही।
संघ जिलाध्यक्ष प्रहलाद चौधरी ने कहा जिले में पटवारियों की सर्विस बुक, पासबुक अपडेट नहीं है। एरियर्स की राशि नहीं मिली, स्थानांतरित पटवारियों की सर्विस बुक कार्यस्थल पर नहीं भेजी गई। विभाग में पटवारियों का अटैचमेंट सिस्टम ड्राप कर दिया जाए। पटवारियों के पास हल्कों के कम-ज्यादा प्रभार है। इनमें समानता लाई जाएं। पटवारियों को सार्वजनिक अवकाश के दिन अन्य काम दिया जाएं। इनके अलावा चार लंबित मांगे भी है। बैठक में खकनार तहसील अध्यक्ष महादू यावतकर, नगर अध्यक्ष माखनलाल भट्टी, महिला दिव्या पौराणिक, यशवंत पाटील, रामविलास पवार, चंद्रशेखर राठवे, प्रकाश धारवे, राकेश सरोवर, कीर्ति चौहान, दशरथसिंह रंधा मौजूद थे।
अवकाश के दिन काम नहीं दिया जाएं