पीएमटी फर्जीवाड़े में दो आरोपी गिरफ्तार
वर्ष 2006 में दर्ज किए गए प्रकरण में की गई हैं फिर से गिरफ्तारियां
भास्करसंवाददाता | छतरपुर
पीएमटीफर्जीवाड़ा के वर्ष 2006 के एक प्रकरण में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारियां हाई कोर्ट के आदेश पर की गई हैं। गिरफ्तार किए गए दोनों ही आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया है।
वर्ष 2006 की पीएमटी परीक्षा में छतरपुर में परीक्षार्थी गौरव त्रिपाठी के स्थान पर मऊरानीपुर उप्र के स्कोरर मनीष को परीक्षा देते हुए पुलिस ने गिरफ्तार किया गया था।
इस मामले में पुलिस ने छात्र गौरव त्रिपाठी, गौरव के पिता आरईएस में सहायक यंत्री सुरेश त्रिपाठी, स्कोरर मनीष और स्कोरर तलाश करने में मदद करने वाले रोहित अग्रवाल पिता जगदीश बुधौलियाना मुहल्ला राठ उप्र के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया था।
रोहित ने गौरव को स्कोरर दिलाने में मदद की थी। साथ ही वह खुद भी भिंड में छात्र भूपेंद्र मिश्रा के स्थान पर स्कोरर के रूप में परीक्षा दे रहा था। इस मामले में ने हाई कोर्ट के आदेश पर फिर से विवेचना करते हुए पुलिस कार्रवाई कर रह है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी आेंकार तिवारी ने बताया कि आरोपी रोहित अग्रवाल और सुरेश त्रिपाठी को गिरफ्तार किया गया है। गौरव त्रिपाठी की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है। उन्होंने बताया कि इस मामले में कुछ अन्य लोगों की भी जल्द गिरफ्तारियां की जाएंगी।