बेटे का नहीं लग सका सुराग
छतरपुर। जिले के भगवां थाना क्षेत्र के कुंवरपुरा कला गांव में रहने वाले एक व्यक्ति का बेटा पिछले 6 माह से गायब है, लेकिन उसका पता लगाने की भी कोशिश नहीं की जा रही है। व्यक्ति ने पुलिस अधीक्षक से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस गांव के जगत आदिवासी ने बताया कि उसका 19 वर्षीय बेटा गोवर्धन आदिवासी मजदूरी करने के लिए ग्वालियर गया था। ग्वालियर में जगत के बड़े भाई का दामाद दयालू आदिवासी भी रहता था। टीकमगढ़-जतारा निवासी दयालु ने एक दिन फाेन पर सूचना दी कि गोवर्धन को बस में बैठा दिया गया है, जब घर पहुंच जाए तो सूचना दे देना। इसके बाद दयालू ने फोन बंद कर लिया और गोवर्धन भी अपने घर नहीं पहुंचा। उसकी तलाश करते हुए जगत आदिवासी ग्वालियर पहुंचा, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। दयालू भी वहां नहीं था। इसकी शिकायत ग्वालियर के महाराजपुर थाने में की गई, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। अब जगत ने अपने रिश्तेदार दयालू पर गोवर्धन को गायब कराने का संदेह जताते हुए पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।