छात्रवृत्ति घोटाले की जांच सीबीआई से हो
जिलेके अशासकीय कॉलेजों में हुए छात्रवृत्ति घोटाले की जांच सीबीआई से कराए जाने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन में जिले में रेत माफियाओं द्वारा अवैध उत्खनन किए जाने की भी शिकायत की गई। जिला कांग्रेस महामंत्री अरविंद गिरि गोस्वामी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम तीन सूत्रीय ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि जिले के सभी अशासकीय कॉलेजों में बहुत बड़े स्तर पर छात्रवृत्ति घोटाला हुआ है। इसकी कलेक्टर द्वारा वर्ष 2013-14 के जांच के आदेश किए हैं जबकि यह घोटाला वर्ष 2006 से है। ऐसे में इस घोटाले की जांच सीबीआई से कराई जाना चाहिए। इसमें शासन द्वारा छात्रों को दी जाने वाली छात्रवृत्ति की राशि कॉलेज संचालकों द्वारा हजम कर ली गई है। कांग्रेस ने बताया कि यह अब तक का सबसे बड़ा घोटाला है। करीब 500 करोड़ रुपए की आर्थिक गड़बड़ी है। कांग्रेस ने वर्ष 2006 से इस घोटाले की जांच कराए जाने की मांग की है।
मेडिकलकॉलेज शुरू किया जाए
ज्ञापनमें जिले में मेडिकल कॉलेज शुरू किए जाने की मांग की गई है। जिले में मेडिकल कॉलेज बनने से पन्ना, टीकमगढ़, महोबा, राठ, चरखारी के लोगों को भी इलाज सहज मिल सकेगा। कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री पर भेदभाव पूर्ण रवैया अपनाए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि छतरपुर में खुलने वाले मेडिकल कॉलेज को दतिया ले जाने की कोशिश की जा रही है। जबकि दतिया से मात्र 35 किमी दूर झांसी मेडिकल कॉलेज है। इसके साथ ही ग्वालियर मेडिकल कॉलेज भी पास में है। ज्ञापन सौंपने वालों में अभिलेख खरे, बृज किशोर पटैरिया, बॉबी तिवारी, राज मिश्रा, जग्गी, नरेश, धीरेंद्र, भजन, पप्पू गर्ग, सौरभ, अभय, निक्की पाठक, राजा ठाकुर, प्रदीप, सौरभ खरे शामिल रहे।
अधिकारियों और नेताओं की सांठगांठ से चल रहा अवैध उत्खनन
कांग्रेसने अपने ज्ञापन में मुख्यमंत्री को बताया कि जिले में भाजपा नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों की सांठ-गांठ से बड़े पैमाने पर रेत का अवैध उत्खनन हो रहा है। इससे शासन को बड़े स्तर पर राजस्व की हानि हो रही है। हरपालपुर के करीब सरसेड़ ग्राम पंचायत में तालाब के किनारे रात 8 बजे के बाद जेसीबी मशीन और बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों द्वारा अवैध उत्खनन किया जाता है। इसमें खनिज अधिकारी और भाजपा के कुछ नेता की सांठ-गांठ है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन में कहा कि यह तो एक उदाहरण है पूरे जिले में इस तरह का अवैध कारोबार चल रहा है।
छतरपुर में गुरुवार को कांग्रेस कमेटी द्वारा तीन सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया