अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश
कृषिउपज मंडी अध्यक्ष बड़ामलहरा के खिलाफ सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है। इस संबंध में 10 में से 8 सदस्यों ने गुरुवार को कलेक्टर के समक्ष अविश्वास प्रस्ताव पेश किया। इसमें अध्यक्ष के खिलाफ पांच आरोप लगाए गए हैं।
कृषि उपज मंडी अध्यक्ष बड़ामलहरा पुनिया बाई आदिवासी के खिलाफ 10 में से 8 सदस्यों ने गुरुवार को अविश्वास प्रस्ताव पेश किया। मंडी सदस्य भूरी बाई, बारे लाल अहिरवार, खड़ियां आदिवासी, मोहन सिंह, काशी प्रसाद, रमेश विश्वकर्मा, परम लाल साहू, नरेंद्र असाटी गुरुवार को कलेक्टर डॉ. मसूद अख्तर के समक्ष पेश हुए। यहां उन्होंने कलेक्टर को मंडी अध्यक्ष पुनिया बाई के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इसमें अध्यक्ष पर आरोप लगाए हैं कि मंडी की आय निरंतर कम हो रही है। मंडी के कर्मचारियों के साथ अध्यक्ष के प्रतिनिधियों और असामाजिक तत्वों द्वारा मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है।
निजी स्वार्थ के कारण मंडी प्रांगण में जानबूझकर उपज की नीलामी नहीं कराई जाती है। इससे किसानों को उपज का मूल्य नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में मंडी अध्यक्ष ने अपना बहुमत खो दिया है। कलेक्टर ने अविश्वास प्रस्ताव का आवेदन लेकर जल्दी ही आगे की कार्रवाई के लिए तारीख तय करने का आश्वासन सदस्यों को दिया है।
छतरपुर में अविश्वास प्रस्ताव के साथ पहुंचे मंडी सदस्य