अभी नहीं होगा भूमि अधिग्रहण
जिलेके बसारी गांव के पास बनने वाले एनटीपीसी के रेलवे स्टेशन के लिए जमीन अधिग्रहण एक बार फिर से अटक गया है। नए भूमि अधिग्रहण बिल के नियमों के लागू होने का इंतजार अभी प्रशासन कर रहा है। इसके बाद नए नियमों के अनुसार यहां पर मुआवजा राशि का वितरण किया जाएगा।
एनटीपीसी के बरेठी थर्मल पावर प्लांट के लिए कोयला परिवहन का काम रेलवे के जरिए होना है। ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन के जरिए बसारी के समीप एक रेलवे स्टेशन बनाया जाना है। इस रेलवे स्टेशन को बनाने के लिए 46 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। पहले इस जमीन के अधिग्रहण के लिए कार्रवाई चल रही थी, लेकिन प्रस्तावित स्थल की जमीनों की कई टुकड़ों में रजिस्ट्रियां करा दी गई गई थीं। इस तरह से करोड़ों रुपए का घोटाला पुनर्वास पैकेज के नाम पर करने की तैयारी की गई थी। दैनिक भास्कर द्वारा इस मामले को प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया गया। इसके बाद भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई को स्थगित करते हुए नए स्थान पर रेलवे स्टेशन बनाने के लिए प्रस्ताव भेजे गए। इस प्रक्रिया में करीब एक वर्ष का समय लगा और अब स्थिति यह बन गई है कि नए स्थान पर रेलवे स्टेशन बनाने के लिए नक्शा आदि स्वीकृत हो गया है और अधिग्रहण के लिए जरूरी जमीनों के रिकार्ड की छानबीन करने के लिए तहसील राजनगर को संबंधित दस्तावेज भेज दिए गए हैं। एनटीपीसी के छतरपुर प्रोजेक्ट के जीएम एमपी सिन्हा कहते हैं कि जनवरी 2014 से लागू किए गए नए भू-अधिग्रहण बिल के लिए प्रदेश कैबिनेट द्वारा गाइड लाइन तय की जा रही है। इसके पास होने के बाद ही रेलवे स्टेशन के लिए जमीन का अधिग्रहण होगा। इसलिए अभी जमीन का अधिग्रहण करने की प्रक्रिया को रोककर रखा गया है। जल्द ही इसके लिए प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।
प्रभातकुमार होंगे नए जीएम
एनटीपीसीके नए जीएम के रूप में अब प्रभात कुमार काम करेंगे। दिल्ली कार्यालय में पदस्थ श्री कुमार को अब बरेठी प्लांट का जीएम बनाया गया है। वर्तमान में जीएम के रूप में काम कर रहे एमपी सिन्हा काे प्रमोशन के साथ ही रायपुर भेज दिया गया है। जल्द ही श्री कुमार छतरपुर पहुंचकर प्रभार लेंगे।
उल्लेखनीय है कि श्री सिन्हा को काफी पहले पदोन्नत करके स्थानांतरित कर दिया गया था। इसके चलते जिले का काम प्रभावित हो रहा था।