मेडिकल काॅलेज के लिए वकील करेंगे आंदोलन
जिलेमें मेडिकल काॅलेज खोलने की मांग अब जोर पकड़ती जा रही है। मंगलवार को जिला अधिवक्ता संघ ने मांग को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम ज्ञापन दिया। ज्ञापन में वकीलों ने छतरपुर में मेडिकल काॅलेज स्थापित करने की बात कही। इस मांग को लेकर होने वाले आंदोलन में बढ़ चढ़कर हिस्सेदारी करने की बात भी अधिवक्ता संघ ने कही है।
अधिवक्ता संघ के सचिव पंकज पाठक ने बताया कि अध्यक्ष देवेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में सभी अधिवक्ता मंगलवार को एकत्रित हुए। इसके बाद उन्होंने कलेक्टोरेट में जाकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया।
इस मौके पर संघ के अध्यक्ष देवेंद्र मिश्रा ने बताया कि बुंदेलखंड के इस अंचल में मेडिकल काॅलेज की मांग काफी पुरानी है। प्रभारी मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने अपने प्रभार वाले छतरपुर जिले के बजाए दतिया में मेडिकल काॅलेज खोलने की घोषणा कर छतरपुर की जनता को निराश किया है। जबकि दतिया से 28 किमी. दूरी पर झांसी मेडिकल काॅलेज और 68 किमी. की दूरी पर ग्वालियर मेडिकल काॅलेज है। उन्होंने बताया कि छतरपुर से 165 किमी. की दूरी पर सागर में मेडिकल काॅलेज है वहीं झांसी भी 130 किमी. दूर है। ऐसे में दतिया के बजाए छतरपुर को मेडिकल कालेज की ज्यादा आवश्यकता है। वकीलों ने इस संबंध में दिए ज्ञापन में छतरपुर में मेडिकल कालेज खोलने की मांग की। ऐसा होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस मौके पर ऋषि बिलथरे, सतेंद्र अहिरवार, नरेंद्र पांडे समेत अनेक लोग उपस्थित रहे।
मांग
जिला अधिवक्ता संघ ने मेडिकल काॅलेज खुलवाने को लेकर ज्ञापन दिया।